घुटने की चोट के बाद यूएई से लौटे कुलदीप यादव, घरेलू सत्र से हो सकते हैं बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 27, 2021

नयी दिल्ली। बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को घुटने में गंभीर चोट लगी है और यूएई में इंडियन प्रीमियर लीग के बीच से लौटने के बाद उनके अधिकांश घरेलू सत्र से भी बाहर रहने की संभावना है। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलने वाले कुलदीप भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी से पहले उन्हें लंबी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। आईपीएल टीमों से जुड़े मामलों को देखने वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया, ‘‘हां, हमें सूचना मिली है कि यूएई में अभ्यास सत्र के दौरान कुलदीप को घुटने में गंभीर चोट लगी है। संभवत: क्षेत्ररक्षण के दौरान उसका घुटना मुड़ गया और उस समय चोट गंभीर थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कोई संभावना नहीं थी कि वह आईपीएल में आगे हिस्सा ले पाएगा और इसलिए उसे भारत वापस भेज दिया गया।’’

इसे भी पढ़ें: मोईन अली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा, सीमित ओवरों के लिए खेलते रहेंगे

पता चला है कि कुलदीप की हाल में मुंबई में सर्जरी हुई और उसे वापसी से पहले चार से छह महीने का समय लग सकता है। मामले की जानकारी रखने वाले एक अन्य सूत्र ने बताया, ‘‘घुटने की चोट आम तौर पर गंभीर होती हैं। सबसे पहले काम शुरू करना, एनसीए में फिजियोथेरेपी सत्र के साथ मजबूती हासिल करना, इसके बाद हल्का अभ्यास और फिर नेट सत्र, यह पूरी प्रक्रिया काफी लंबी है।’’उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि रणजी ट्रॉफी खत्म होने से पहले वह मैच खेलने के लिए तैयार हो जाएगा।’’ ट्विटर पर कुलदीप ने अपनी और नाइट राइडर्स के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम की तस्वीर पोस्ट की है जिनका सोमवार को जन्मदिन है। सूत्र ने कहा, ‘‘यह पुरानी तस्वीर होगी। कुलदीप भारत वापस आ चुका है। अगर मैं गलत नहीं हूं तो उसकी सर्जरी हो चुकी है।’’

इसे भी पढ़ें: 8 दिनों में 27 लाख की बिरयानी खा गई इस्लामाबाद पुलिस, किसकी जेब से जाएगा बिल?

सिडनी में पांच विकेट हासिल करने के बाद पिछले दो साल कुलदीप के लिए उतार-चढ़ाव भरे रहे। तब मुख्य कोच रवि शास्त्री ने उन्हें विदेशी हालात में भारत का नंबर एक स्पिनर करार दिया था। आईपीएल 2019 से चीजें काफी बदल गई जब कुलदीप की फॉर्म में गिरावट आई। स्पिन की अनुकूल पिचों पर भी भारतीय टीम प्रबंधन को उनकी क्षमता पर भरोसा नहीं रहा और उनके मुख्य टीम में होने के बावजूद स्टैंडबाई खिलाड़ियों में मौजूद बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को खिलाया गया। कानपुर के 26 साल के कुलदीप ने भारत के लिए सात टेस्ट, 65 एक दिवसीय और 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 174 विकेट चटकाए हैं। वह भारत के लिए पिछली बार श्रीलंका दौरे पर खेले थे। उन्होंने एक दिवसीय मैच में 48 रन देकर दो जबकि टी20 मैच में 30 रन देकर दो विकेट चटकाए। उन्होंने एक वनडे और एक टी20 और खेला लेकिन इनमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

प्रमुख खबरें

युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा 1857 Shaheed Smarak, Amit Shah ने Ambala में किया नमन

Adani Ports का यूरोप में विस्तार, 2.56 अरब यूरो में Evos BV की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी

देश-दुनिया की बड़ी खबरें: UGC नियमों की समीक्षा, शेयर बाजार में तेजी और रोनाल्डो का संन्यास

Crude Oil 94 डॉलर पर आने से RBI दिसंबर में Repo Rate केवल 25 bps बढ़ा सकता है