By रेनू तिवारी | Nov 17, 2026
Top 10 Breaking News 17 November 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
परिवार-बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही...दो दोषियों को SC से जमानत मिलने पर छलका बिलकिस बानो का दर्द
बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर हैरानी और अविश्वास जताया है, जिसमें 2002 के गुजरात दंगों के दौरान उनके साथ सामूहिक बलात्कार और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के दोषी दो लोगों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगा दी गई और उन्हें जमानत दे दी गई। मीडिया को जारी एक बयान में बानो ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश उनकी बात सुने बिना ही पारित कर दिया गया। उन्हें प्रेस रिपोर्टों के जरिए पता चला कि कोर्ट ने इन दो दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगा दी है और उन्हें जमानत दे दी है। मैं यह बयान तब दे रही हूँ जब दर्द, सदमे और अविश्वास के कारण मेरी आँखों से आँसू बह रहे हैं और कुछ बोल पाना भी मुश्किल हो रहा है।
Breaking News | दिल्ली के विवेक विहार में बड़ा हादसा: पुरानी तीन मंजिला इमारत ढही, 6-7 लोग घायल, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका
देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर इमारत गिरने की बड़ी और चिंताजनक घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह (17 नवंबर 2026) पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक पुरानी तीन मंजिला (ग्राउंड फ्लोर + 2 मंजिल) इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। इस भीषण हादसे में शुरुआती तौर पर 6 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि कई अन्य लोगों के अभी भी मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
Azam Khan को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में दोषसिद्धि पर रोक बरकरार, दूसरी ओर ED केस में 10 दिन की न्यायिक हिरासत
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान को मंगलवार (17 नवंबर 2026) को देश की सर्वोच्च अदालत से एक बड़ी कानूनी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसके तहत आज़म खान की दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक लगाई गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार की उस याचिका को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी।
Sonia Gandhi Book Launch | सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं संग दिखे अमरिंदर सिंह, कांग्रेस वापसी की अटकलों को किया खारिज
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम ने देश के सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कांग्रेस में वापसी की लगातार चल रही अटकलों के बीच, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम की सबसे खास तस्वीर तब सामने आई, जब अमरिंदर सिंह अगली पंक्ति (फ्रंट रो) में विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के दिग्गज नेताओं- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव- के साथ बैठे नजर आए।
बांसवाड़ा में हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने मतदान दल पर किया पथराव, Magistrate की गाड़ी फूंकी
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सरपंच का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने सोमवार रात कथित तौर पर मतदान दल पर हमला कर दिया और जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात छोटी सरवा पंचायत समिति की बावड़ी निनामा ग्राम पंचायत में हुई।
Punjab Elections 2027 | Sukhbir Singh Badal का व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए बड़ा ऐलान- 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली का वादा
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को कहा कि यदि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो वह व्यापारियों के कर आकलन के लिए स्व-घोषणा प्रणाली लाएगी। इसके साथ ही, उद्योगों के लिए बिजली की लागत कम करने के उद्देश्य से, उन्हें पांच रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। मौड़ और रामपुरा फूल में व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद सत्र आयोजित करने वाले शिअद अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं भरोसे का माहौल बनाना चाहता हूं। हम अपने व्यापारियों पर भरोसा करना चाहते हैं। ‘राहत’ योजना को फिर से शुरू किया जाएगा, जिसके तहत छोटे व्यापारियों को प्रति वर्ष 1,000 रुपये जमा करने की सुविधा मिलती थी।’’
Pm Modi West Bengal Visit | 21 नवंबर को आईआईटी-खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जारी करेंगे विशेष स्मारक सिक्का
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने मेदिनीपुर शहर में जगद्धात्री पूजा समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि हमारे प्रिय प्रधानमंत्री 21 नवंबर को आईआईटी-खड़गपुर के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल आ रहे हैं।’’ राज्य सरकार के एक सूत्र ने बताया कि मोदी इस संस्थान के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होने के लिए वहां जाएंगे।
उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: टिहरी गढ़वाल के गुलार बाजार के पास गहरी खाई में गिरी बस, 6 लोगों की दर्दनाक मौत और 20 से अधिक घायल
उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह (17 नवंबर 2026) टिहरी गढ़वाल जिले के गुलार बाजार के पास एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंगलवार सुबह उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुलार बाजार के पास एक बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई, जिससे कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। टिहरी जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला स्थित स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। टिहरी की जिला मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए निकल गई हैं।
आप एक वरिष्ठ सांसद, ऐसे बयान नहीं दे सकते, अवमानना मामले में संजय राउत को SC से राहत नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत से कहा कि एक अनुभवी राजनेता और सांसद को पता होना चाहिए कि भाषा में संयम कैसे बरतते हैं। यह टिप्पणी तब की गई जब भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) और न्यायपालिका के बारे में की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही चल रही थी। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) द्वारा दायर अवमानना याचिका के सिलसिले में जब संजय राउत अदालत के सामने पेश हुए, तो जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने यह टिप्पणी की।
मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक, PM मोदी से मिले ट्रंप, तारीफ में कहा- वे बेहद सख्त इंसान हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आसियान शिखर सम्मेलन के अंतिम चरण में फिलीपींस पहुँच गए हैं। यहाँ उनका विरोध-प्रदर्शनों के साथ स्वागत होने की संभावना है। इसी दौरान, वे 'क्वाड' (इंडो-पैसिफिक देशों के समूह) की दो साल में होने वाली पहली बैठक की तैयारी भी कर रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। पीएम मोदी मनीला पहुंचे हैं. मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से उनकी मुलाकात हुई। फिलीपींस में क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को 'सख्त इंसान' बताया।