Ladakh में Nyoma और Durbuk तक रियायती Helicopter Service बढ़ाने की मांग, मिला भरोसा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026

लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी), लेह के पूर्व कार्यकारी पार्षद कोंचोक स्टैनजिन ने पूर्वी लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र में न्योमा और दुर्बुक तक रियायती हेलीकॉप्टर सेवा का विस्तार करने की मांग की है। मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने इस मांग का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। स्टैनजिन ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रशासन से दूरदराज के इलाकों के निवासियों को हवाई संपर्क की समान सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इस पोस्ट के जवाब में मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने कहा, ठीक है, हम इसका समाधान निकालेंगे। लद्दाख प्रशासन ने केंद्रशासित प्रदेश में लेह और दूरदराज के इलाकों के बीच संपर्क बेहतर बनाने के लिए 30 सितंबर को रियायती हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू की थी। इसका उद्देश्य विशेष रूप से कड़ाके की सर्दी के दौरान संपर्क सुविधा में सुधार करना है।

यह सेवा केंद्रीय गृह मंत्रालय के सहयोग से हुए पट्टा समझौते के तहत पवन हंस लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है। फिलहाल यह हेलीकॉप्टर सेवा लेह को सात स्थानों-कारगिल, पदुम, लिंगशेड, डिबलिंग, न्येरक, दिस्कित और तुरतुक से जोड़ती है। इससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को परिवहन का वैकल्पिक साधन मिलता है तथा आपात स्थिति में चिकित्सा संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलती है।

पूर्वी लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र में स्थित न्योमा और दुर्बुक भारत-चीन सीमा से लगे अधिक ऊंचाई वाले इलाके हैं। सर्दियों में सड़क मार्ग से यात्रा कठिन होने के कारण इन क्षेत्रों में हवाई संपर्क विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है।

प्रमुख खबरें

H5N1 संक्रमण की पुष्टि के बाद वंडलूर का Arignar Anna प्राणी उद्यान दर्शकों के लिए बंद

55 किलो वजन घटाने वाले Ram Kapoor ने फिटनेस पर की खास बातचीत, Ozempic लेने वालों को दी खास सलाह

दिल्ली के पीतमपुरा में दर्दनाक वारदात: इंस्टाग्राम कमेंट के विवाद में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान 9वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, चार नाबालिग हिरासत में

रामास्वामी के विवादित पोस्ट का बचाव करते हुए वेंस ने ऐसा क्या कह दिया, रैली में मौजूद समर्थक लगाने लगे जोरदार ठहाके