By अभिनय आकाश | Oct 22, 2026
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओहायो के सिनसिनाटी में आयोजित एक चुनावी रैली के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रंप समर्थक 'मागा' के भेष में आए एक प्रदर्शनकारी ने मंच के ठीक पीछे पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, इस घटना से विचलित हुए बिना उपराष्ट्रपति ने तुरंत मजाकिया अंदाज में उस पर पलटवार किया। मंच के बेहद करीब पहुंच गया था प्रदर्शनकारी बुधवार को मध्यावधि चुनाव प्रचार के सिलसिले में आयोजित रिपब्लिकन पार्टी की इस रैली में जेडी वेंस जैसे ही मंच पर पहुंचे, सूट और लाल रंग की मेक अमेरिका ग्रेट अगेन टोपी पहने एक युवक उनके पीछे कुछ ही फीट की दूरी पर आ खड़ा हुआ। अचानक उसने अपनी टोपी फेंक दी और गुस्से में चिल्लाने लगा। शोरगुल के बीच वह यू सक! कहते हुए सुना गया। घटना के वक्त जेडी वेंस पूरी तरह शांत नजर आए। जैसे ही प्रदर्शनकारी ने हंगामा शुरू किया, सीक्रेट सर्विस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए उसे दबोच लिया और हॉल से बाहर ले गए। इस दौरान रैली में मौजूद भीड़ ने यूएसए! यूएसए! के नारे लगाकर समर्थन जताया।
प्रदर्शनकारी के बाहर निकाले जाने के बाद उपराष्ट्रपति वेंस ने पूरे घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह व्यक्ति मागा समर्थक होने का झूठा दिखावा कर रहा था। वेंस ने हंसते हुए जनता से कहा कि यह शख्स मागा समर्थक होने का नाटक कर रहा था। आपने देखा कैसे उसने टोपी उतारी और नीचे फेंक दी? उसने खुद ही अपनी पोल खोल दी। जैसे ही उसने टोपी हटाई, साफ दिख रहा था कि उसने करीब तीन महीने से अपने बाल नहीं धोए हैं। और हम सब जानते हैं कि जो लोग तीन महीने तक बाल नहीं धोते, वे डेमोक्रेट्स को वोट देते हैं, रिपब्लिकन्स को नहीं।
वेंस ने कहा कि ओहियो राज्य में मीडिया और डेमोक्रेट्स इस बात से बौखलाए हुए हैं कि विवेक रामास्वामी ने एक ऐसा टीवी विज्ञापन चलाने की हिम्मत दिखाई, जिसमें उन्होंने सच को सामने रखा और एमी एक्टन को झूठा बताया। वेंस ने आगे कहा मेरी अपने साथी रिपब्लिकन नेताओं से यही अपील है कि अगर आप सच में उन बातों पर विश्वास करते हैं जिनका आप दावा करते हैं, तो एक विज्ञापन को लेकर रोना-धोना बंद करें और 13 दिनों में चुनाव जीतकर दिखाएं।