By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 24, 2026
लखीमपुर खीरी जिले में एक निजी स्कूल के परिसर में एक महिला शिक्षिका की गोली मारकर की गयी हत्या के बाद जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे मजबूत करने के निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बुधवार को स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों के साथ बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। सिंह ने कहा कि बच्चों और स्कूल कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
गर्ग ने बताया कि शिक्षकों, कर्मचारियों और स्कूल वाहन के कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के साथ ही स्कूलों में आपातकालीन अलार्म लगाने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 तथा पॉक्सो संबंधी शिकायत की जानकारी भी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करनी होगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक स्कूल का प्रबंधन एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा, जबकि पुलिस की ओर से प्रत्येक स्कूल के लिए बीट स्तर का एक अधिकारी नोडल अधिकारी होगा।
उन्होंने बताया कि निर्देशों में यह भी कहा गया है कि पुलिस अधिकारी नियमित रूप से स्कूलों का सुरक्षा ऑडिट और निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाएगी।