Lawrence Bishnoi गिरोह का गुर्गा Harry Boxer अमेरिका में पकड़ा गया, हरियाणा में हत्या समेत कई केस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026

चंडीगढ़, आठ नवंबर अमेरिका की आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) द्वारा हिरासत में लिया गया लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर हरियाणा में कई मामलों में आरोपी है। इनमें हांसी के जिम मालिक की हत्या का मामला भी शामिल है। राजस्थान पुलिस ने रविवार को बताया कि बॉक्सर को अमेरिका में आईसीई ने हिरासत में लिया है और उसे भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा गांव का निवासी 40 वर्षीय हैरी बॉक्सर कथित तौर पर विदेश में रहकर भारत में आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा था। लॉरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा गिरोह को हथियारों की आपूर्ति करने में भी उसकी अहम भूमिका थी। राजस्थान के अपराधी गिरोह निरोधक दस्ते (एजीटीएफ) के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि वह राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में जबरन वसूली के लिए धमकियां देने और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल था।

इनमें मुंबई और पुणे की घटनाएं भी शामिल हैं। हरियाणा पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बॉक्सर राज्य में जबरन वसूली और हत्या सहित कम से कम सात मामलों में शामिल है। इनमें एक जिम मालिक की हत्या का मामला भी है।

जून में हरियाणा के हांसी में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने एक जिम मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने हाल ही में कहा था कि उसने संगठित अपराध के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। विदेश में छिपे वांछित अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ के अनुसार, विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय, खुफिया जानकारी साझा करने और तकनीकी निगरानी के माध्यम से पूरे आपराधिक नेटवर्क की पहचान की जा रही है। हरियाणा पुलिस ने यह भी बताया कि अंतरराज्यीय गिरोहों और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस के साथ मजबूत अंतरराज्यीय समन्वय व्यवस्था स्थापित की गई है। इसने कहा कि इस व्यवस्था के तहत गैंगस्टर, शूटर, हथियार आपूर्तिकर्ताओं, वित्तपोषकों और उनके सहयोगियों से जुड़ी खुफिया जानकारी तत्काल साझा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, राज्यों की सीमाओं के पार सक्रिय वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ संयुक्त छापेमारी और समन्वित गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाती है। खतरे का आकलन करने और संयुक्त रणनीति तैयार करने के लिए नियमित रूप से अंतरराज्यीय समन्वय बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं।

प्रमुख खबरें

Devendra Fadnavis ने किसानों संग मनाई दीपावली, PM Narendra Modi ने की पहल की तारीफ

चुनाव हारते ही बदला ट्रंप का मूड, अपने ही भरोसेमंद अफसर पर फोड़ा ठीकरा और दिखा दिया बाहर का रास्ता

राजस्थान में SIR के बाद अंतिम वोटर लिस्ट से 30 लाख नाम हटे, निखिल डे ने उठाए सवाल

दिवाली पर बिना बजट बिगाड़े कपड़ों को दें ब्रांडेड लुक, ये Fashion Tips बनाएंगे खास