Local Elections : ठाणे में भाजपा उम्मीदवार के कार्यालय पर गोलीबारी, एक सुरक्षाकर्मी घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 17, 2025

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार के कार्यालय पर आधी रात के आसपास अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना अंबरनाथ इलाके में घटी और पवन वालेकर के कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जो 20 दिसंबर को होने वाले अंबरनाथ नगर परिषद चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हैं।

पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को अंबरनाथ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा एक जनसभा को संबोधित किए जाने के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। एक अधिकारी ने बताया कि आधी रात के करीब दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और कथित तौर पर अंबरनाथ के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित वालेकर के कार्यालय पर तीन से चार गोलियां चलाईं।

गोलियों की आवाज सुनकर कार्यालय के सुरक्षाकर्मी बाहर आए, जिसके बाद हमलावरों ने कथित तौर पर उनकी ओर भी गोलियां चलाईं। अंबरनाथ थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘गोलीबारी के दौरान कार्यालय में तैनात एक सुरक्षाकर्मी को चोटें आयीं और उसका उपचार हो रहा है।’’

उन्होंने बताया, ‘‘सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गयी है। कानून की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है।’’

घटना के तुरंत बाद कई भाजपा कार्यकर्ता अंबरनाथ पुलिस थाने पर जमा हो गए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार ने आरोप लगाया कि संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में पुलिस को सूचित करने के बावजूद उचित कार्रवाई में देरी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

T20 World Cup 2026 से पहले बड़ा बवाल, पाक सरकार ने India मैच पर लगाया Ban, Afridi ने क्या कहा?

Smriti Mandhana का बड़ा खुलासा, World Cup के उस एक गलत शॉट ने मुझे सोने नहीं दिया था

T20 World Cup 2026 से पहले बड़ा बवाल, Pakistan ने Team India के खिलाफ मैच का किया Boycott

Carlos Alcaraz ने रचा नया इतिहास, Australian Open Final में Djokovic को हराकर बने सबसे युवा Champion.