Lohagad Fort Murder Mystery | कातिल की एक 'हुडी' ने कैसे फेल कर दिया मंगेतर का परफेक्ट क्राइम प्लान? एक गलती और सलाखों के पीछे आरोपी

By रेनू तिवारी | Jun 24, 2026

लोनावाला (पुणे) के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले से गिरकर हुई कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिसे शुरुआत में पैर फिसलने के कारण हुआ एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी और खौफनाक हत्या की साजिश निकली। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में पुलिस के लिए सबसे बड़ा मददगार साबित हुआ—33 डिग्री की भीषण गर्मी में पहना गया एक 'हुडी' (Hoodie)। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं कि कैसे एक छोटी सी सीसीटीवी फुटेज और मौसम के मिजाज ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि 26 वर्षीय केतन की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 18 जून को ‘ट्रेकिंग’ के दौरान सिया (20) और उसके प्रेमी चेतन (22) ने केतन को खाई में कथित तौर पर धक्का देकर मार डाला। केतन अग्रवाल की इसी वर्ष सिया से सगाई हुई थी और 18 जून को वह लोहागढ़ किले में एक चट्टान से गिर गए थे। उस समय दुर्घटनावश हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया गया था।

सिया ने भी केतन के परिजनों को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिससे वह खाई में जा गिरे। मामले की जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य और परिस्थितियां सामने आईं जिन्होंने इस कथित हादसे पर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद हमने मामले की गहन पड़ताल शुरू की। जब किले के टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई तो उसमें केतन और सिया एक साथ किले की ओर जाते दिखाई दिए जिससे जांच को एक महत्वपूर्ण दिशा मिली।”

इसे भी पढ़ें: West Asia संकट के बावजूद Akasa Air की ऊंची उड़ान, 30% कैपेसिटी बढ़ाने का Mega Plan

फुटेज को बारीकी से खंगालने पर पुलिस की नजर एक ऐसे शख्स पर पड़ी, जो केतन और सिया से कुछ मीटर पीछे चल रहा था। एक अधिकारी ने कहा, “उस व्यक्ति ने ‘शॉर्ट्स’ और ‘हुडी’ पहन रखी थी। ‘हुडी’ का अगला हिस्सा इतना नीचे कर रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके अलावा उसने ‘हुडी’ के ऊपर ‘हेडसेट’ भी लगा रखा था। एक अन्य फुटेज में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय ‘हुडी’ पहने वह व्यक्ति भी अचानक बैठ जाता है। यह संयोग बेहद संदिग्ध लगा।”

अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने 18 जून को उस समय के तापमान का पता लगाया जो करीब 33 डिग्री सेल्सियस था और यह बात खटकी कि इतनी गर्मी में कोई व्यक्ति आखिर ‘हुडी’क पहनकर क्यों घूम रहा था। अधिकारी ने बताया कि सिया 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किला ले गई थी। आरोप है कि उस दिन उसने केतन को चट्टान से नीचे धक्का देने की कोशिश भी की लेकिन केतन ने समय रहते एक झाड़ी पकड़ ली और खुद को बचा लिया।

उन्होंने बताया कि जब केतन ने सिया से पूछा कि उसने उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने वहां सांप होने की बात कही और ऐसा जताने की कोशिश की कि वह उसे बचाने का प्रयास कर रही थी। इन घटनाओं के सामने आने के बाद जांचकर्ताओं का शक और गहरा गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डिजिटल संचार से जुड़े साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

अधिकारी के अनुसार, सिया के कॉल रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि वह एक व्यक्ति से लगातार संपर्क में थी, जिसकी पहचान बाद में उसके प्रेमी चेतन चौधरी के रूप में हुई। अधिकारी के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने तथा स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस दलों ने चेतन का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की जिसके बाद सारा राज खुल गया।

Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi  

प्रमुख खबरें

UP वालों को कट्टे, गैंगवार और परिवारवाद वाले राज की याद दिलाकर सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा तय कर गये Amit Shah

UP Rojgar Mela: पीलीभीत में 2500 से अधिक पदों पर 28 सितंबर को लगेगा Mega Job Fair

Omar Abdullah ने J&K Assembly में चली अपने पिता वाली पुरानी चाल, BJP ने हाथ के हाथ दे दिया तगड़ा जवाब

Kitchen Slab Vastu Tips: किचन स्लैब पर भूलकर भी न रखें ये 5 चीजें, लग सकता है वास्तु दोष