By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि सोमवार को शिकायतकर्ता छेदीलाल ने ठाकुरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार सात नवंबर को सपना रावत और नेहा नाम की दो महिलाओं ने उनके भाई देशराज उर्फ मनीष पर पैसे और गहने चुराने का आरोप लगाया। वे देशराज को लगातार धमकी दे रही थीं और उनसे ये चीजें वापस मांग रही थीं। शिकायत के अनुसार दोनों महिलाओं ने देशराज को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया, जिससे वह तनाव में आ गए और तंग आकर उन्होंने आठ नवंबर की रात ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
शिकायत के आधार पर, ठाकुरगंज थाने में सपना और नेहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को सपना रावत (35) और नेहा परवीन (25) को गिरफ्तार कर लिया गया।