PNGRB ने गैस पाइपलाइन डेवलपर्स के लिए तय किया 14 प्रतिशत टैक्स बाद रिटर्न का नया मॉडल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजनाओं के आवंटन के लिए एक नए प्रारूप का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत परियोजना विकासकर्ताओं को इक्विटी पर 14 प्रतिशत कर-पश्चात रिटर्न सुनिश्चित किया जाएगा और गैस की वास्तविक मांग अनुमान से कम रहने का जोखिम भी कम किया जाएगा। नियामक ने 23 नवंबर को जारी एक संकल्पना पत्र और मसौदा नियमों में पाइपलाइन परियोजनाओं का आवंटन सबसे कम पूंजीगत व्यय की बोली लगाने वाली कंपनी को करने का प्रस्ताव किया है।

मौजूदा व्यवस्था में कंपनियां परिवहन शुल्क और गैस परिवहन क्षमता के आधार पर प्रतिस्पर्धा करती हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत आवंटित परियोजनाओं पर 40 साल के आर्थिक जीवन-अवधि के दौरान मानक इक्विटी आधार पर 14 प्रतिशत कर-पश्चात रिटर्न दिया जाएगा। हालांकि, परिवहन शुल्क का निर्धारण पाइपलाइन से वास्तव में गुजरने वाली गैस की मात्रा के आधार पर होगा।

इससे क्षमता से कम उपयोग होने पर प्रति इकाई परिवहन शुल्क बढ़ सकता है। पीएनजीआरबी के मुताबिक, मौजूदा व्यवस्था में कंपनियों की ओर से परिवहन शुल्क या क्षमता को लेकर आक्रामक बोली लगाने से परियोजनाओं की वित्तीय व्यवहार्यता प्रभावित हुई है, क्योंकि वास्तविक गैस परिवहन अनुमान से कम रह जाता है। मसौदे के मुताबिक, नियामक प्रत्येक प्रस्तावित पाइपलाइन के लिए मांग का आकलन और विस्तृत व्यवहार्यता रिपोर्ट (डीएफआर) तैयार कराने को अलग-अलग स्वतंत्र एजेंसियां नियुक्त करेगा।

रिपोर्ट में परियोजना की तकनीकी विशेषताओं, दायरे, अनुमानित मांग और पूंजीगत लागत का आकलन होगा। इसे बोली प्रक्रिया से पहले सार्वजनिक परामर्श के लिए रखा जाएगा। वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन केवल प्रस्तावित पूंजीगत लागत के आधार पर होगा।

हालांकि, नियामक को असामान्य रूप से ऊंची या कम बोलियों को खारिज करने का अधिकार होगा। प्रस्ताव में इस मार्ग से आवंटित पाइपलाइन के लिए सालाना गैस परिवहन लक्ष्य की अनिवार्यता भी हटाने की बात कही गई है। मौजूदा व्यवस्था में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर परियोजना लागत के एक प्रतिशत के बराबर, अधिकतम 20 करोड़ रुपये की प्रदर्शन गारंटी जब्त की जा सकती है।

इसके अलावा, तीसरे पक्ष को खुली पहुंच के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली अतिरिक्त क्षमता मौजूदा 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का भी प्रस्ताव है। प्रस्तावित ढांचे में परियोजना लागत का 30 प्रतिशत मानक इक्विटी और 70 प्रतिशत कर्ज माना जाएगा। परिचालन खर्च परियोजना लागत का दो प्रतिशत तय करने और इसमें सालाना 4.5 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है।

पीएनजीआरबी का मानना है कि इस बदलाव से मांग को लेकर अनिश्चितता का जोखिम घटेगा और गैस पाइपलाइन परियोजनाओं में निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी।

प्रमुख खबरें

14 छक्के, 4 चौके, रिकॉर्ड 28 गेंदों में 100 रन, वैभव सूर्यवंशी ने मचाई तबाही, पाकिस्तान का गुस्सा UAE पर उतारा

Nvidia में दोबारा CEO बनते ही Jensen Huang ने कर्मचारियों से मांगी माफी, जताया खेद

Karthigai Deepam पर रोक के खिलाफ Madras High Court पहुंची याचिका, नैनार नागेंद्रन नजरबंद

Akhilesh Yadav का कांग्रेस को संदेश, गठबंधन में जीत हासिल करने के लिए समझौते करना जरूरी