By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 06, 2023
पुणे। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में दो समूहों के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को बताया कि झड़प में शामिल लोगों ने कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया और पथराव किया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर शाम अहमदनगर-संभाजीनगर रोड पर वारुलवाड़ी के पास गजराज नगर में हुई इस घटना के सिलसिले में दो मामले दर्ज किए और 19 लोगों को गिरफ्तार किया। झड़प के बाद किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अहमदनगर के विभिन्न हिस्सों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों समूहों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है जिसके आधार पर दो प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गईं।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सोशल मीडिया मंच पर एक ‘स्टेटस’ को लेकर दोनों समूहों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस अधीक्षक राकेश ओला ने कहा कि दंगों से संबंधित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं के तहत दर्ज किए गए दो मामलों में अब तक कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने का आग्रह भी किया।