चुनाव नतीजे जनता की इच्छा के खिलाफ आने के कारण महाराष्ट्र आठ दिनों से बिना मुख्यमंत्री के : Raut

By Prabhasakshi News Desk | Nov 30, 2024

मुंबई । शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने दावा किया कि महाराष्ट्र में आए अप्रत्याशित जनादेश के कारण पिछले आठ दिनों से मुख्यमंत्री के चयन में देरी हो रही है। हालिया राज्य विधानसभा चुनाव में महायुति ने 288 सीट में से 230 पर जीत दर्ज की है। राउत ने संकेत दिया कि महायुति में मतभेद के कारण कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सरकार गठन के प्रयासों के बीच सतारा जिला स्थित अपने गांव जाना पड़ा। शिंदे के अपने पैतृक गांव चले जाने के कारण शुक्रवार को होने वाली महायुति की महत्वपूर्ण बैठक स्थगित कर दी गई, जिससे चुनाव नतीजे घोषित होने के एक सप्ताह बाद भी सरकार गठन में देरी हो रही है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शाम पांच बजे से रात 11.30 बजे तक (महाराष्ट्र में 20 नवंबर को) 76 लाख मत पड़े। इन 76 लाख मतों का क्या हुआ? इसी तरह हरियाणा में 14 लाख मत बढ़े।’’ उन्होंने कहा कि विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) चुनाव परिणाम और उसके पीछे के कारणों का अध्ययन कर रहा है। महाराष्ट्र में महायुति ने 288 में से 230 सीटें जीतीं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक 132 सीटें मिलीं।

वहीं, एमवीए के घटक दल शिवसेना (उबाठा), कांग्रेस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने कुल 46 सीट हासिल की। राउत ने स्पष्ट किया कि एमवीए एकजुट है और उन्होंने चुनाव में हार के मद्देनजर विपक्ष में किसी भी तरह की दरार की खबरों को खारिज कर दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या आगामी स्थानीय निकाय चुनाव शिवसेना (उबाठा) अकेले लड़ेगी, राउत ने कहा, ‘‘महा विकास आघाडी में कोई भी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की बात नहीं कर रहा है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अंतर होता है। उचित समय पर सही निर्णय लिया जाएगा।’’ राउत ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार तथा शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे लगातार बातचीत कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

भीषण गर्मी में AC को देगा टक्कर, ये Cooler Buying Guide बचाएगी आपके हजारों रुपये

Love Horoscope For 24 June 2026 | आज का प्रेम राशिफल 24 जून 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

‘भारतीय कभी किसी चीज़ के लिए पैसे नहीं देते!’... जब यूक्रेन में सेना भेजने के JD Vance के प्लान पर ओवल ऑफिस में हँस पड़े Donald Trump

Health Tips: Stress और डिप्रेशन की होगी छुट्टी? Mental Health के लिए Super Supplement है Creatine, जानें पूरी सच्चाई