By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026
आदिवासी समुदायों और वनोपज संग्राहकों से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा देने वाली महाराष्ट्र सरकार की पहल शबरी नेचुरल्स ने अपनी आकर्षक पैकेजिंग के लिए प्रतिष्ठित जी-मार्क - ग्लोबल डिजाइन अवार्ड जीता है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस पैकेजिंग का डिजाइन पारंपरिक कला रूपों से प्रेरित है।
अधिकारियों के अनुसार, यह पुरस्कार डिजाइन के क्षेत्र में सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है और इसे चार नवंबर को टोक्यो में ‘जापान इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन प्रमोशन’ द्वारा प्रदान किया जाएगा। एसटीएफडीसी की प्रबंध निदेशक लीना बनसोड राज्य सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त करेंगी। ‘शबरी नेचुरल्स’ जनजातीय समुदायों के प्राकृतिक उत्पादों के विपणन के जरिए उन्हें सशक्त बनाने का काम करता है।
इसके तहत प्राकृतिक शहद, बिना ‘पॉलिश’ किए गए चावल, दालें, मोटे अनाज और मसालों जैसे जैविक खाद्य पदार्थों के साथ-साथ हस्तनिर्मित पारंपरिक कलाकृतियों की बिक्री की जाती है।