महाराष्ट्र: शिंदे ने मराठवाड़ा क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का वादा किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 17, 2022

औरंगाबाद (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य करेगी और इन कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। शिंदे औरंगाबाद शहर में ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ (जिसे मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिन के नाम से भी जाना जाता है) की वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, जहां उन्होंने तिरंगा फहराया।

इसे भी पढ़ें: अमानतुल्लाह खान के बचाव में उतरे केजरीवाल, कहा- गुजरात में इन्हें तकलीफ बहुत ज्यादा हो गई है

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हैदराबाद मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य पर तीन राज्यों (17 सितंबर 1948 तक निजाम शासन का हिस्सा रहे तेलंगाना, महाराष्ट्र और कर्नाटक) के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आज हैदराबाद में होगा।’’ उन्होंने कहा कि सूखे की स्थिति से उत्पन्न होने वाली क्षेत्र की समस्याओं को कम करने के मकसद से समुद्र में जाने वाले पानी को मराठवाड़ा की ओर मोड़ने के लिए एक परियोजना शुरू की गई है। शिंदे ने कहा कि सरकार ने राज्य में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन पर रोक नहीं लगाई है। उन्होंने कहा, ‘‘उद्योगों को भूखंडों के आवंटन पर रोक के बारे में ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। समीक्षा की गई है।

सरकार यहां आने वाले निवेशकों को अधिकतम सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।’’ वह इन रिपोर्ट संबंधी सवाल पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि सरकार ने एक जून, 2022 के बाद आवंटित एमआईडीसी भूखंडों पर रोक लगाने का आदेश दिया है और अधिकारियों से किए गए आवंटन की समीक्षा करने के लिए कहा है। बाद मे, महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से कहा, ‘‘राज्य सरकार ने इस साल एक जून से औद्योगिक भूखंडों के आवंटन पर रोक लगा दी है।

भूमि आवंटन को मंजूरी देने वाली फाइल को भी वापस मंगाया जा रहा है। राज्य उद्योग विभाग में कोई अन्य काम नहीं हो रहा है।’’ शिवसेना नेता ने कहा, ‘‘यह कदम (राज्य के लिए) हानिकारक है। इस तरह की कार्यप्रणाली निवेश के महाराष्ट्र से बाहर जाने के लिए जिम्मेदार है।’’ दानवे ने कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे द्वारा आज घोषित विकास कार्य या तो पहले से ही हो रहे हैं या पिछली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार द्वारा घोषित किए गए थे।

प्रमुख खबरें

Misleading Claims पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, Dabur को 100% Natural टैग वाले उत्पाद वापस लेने का Order

Swiggy Instamart Expansion: 2031 तक 5 गुना ज्यादा Order Value का लक्ष्य, ₹10,000 करोड़ की कमाई पर टिका दांव

US Supreme Court के बड़े फैसले के बाद Amazon को मिला $600 Million रिफंड, ग्राहकों को भी होगा भारी फायदा

Luis Suarez की गैरमौजूदगी में Lionel Messi का जलवा, Inter Miami ने San Luis को 4-2 से रौंदा