दो साल तक खिलाड़ियों का साक्षात्कार नहीं ले सकते मजूमदार, स्टेडियम में प्रवेश पर रोक: बीसीसीआई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 04, 2022

मुंबई| भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सीनियर विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को धमकाने के लिये बोरिया मजूमदार पर दो साल का प्रतिबंध लगाया और इस खेल पत्रकार के पंजीकृत खिलाड़ियों से साक्षात्कार करने और देश के क्रिकेट स्टेडियमों में उनके प्रवेश पर रोक लगा दी है। बीसीसीआई की शीर्ष परिषद द्वारा स्वीकृत की गयी पाबंदियों के अंतर्गत मजूमदार को दो साल तक ‘मीडिया एक्रीडिटेशन’ नहीं दिया जायेगा।

साहा ने 23 फरवरी को लगातार ट्वीट किये और शुरू में इस पत्रकार का नाम बताने से इनकार कर दिया था लेकिन बाद में उन्होंने तीन सदस्यीय समिति के समक्ष इस पत्रकार का खुलासा किया और मजूमदार का नाम बता दिया। इस तीन सदस्यीय समिति में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल और बीसीसीआई परिषद के सदस्य प्रभतेज सिंह भाटिया शामिल थे। तीन मई को बीसीसीआई के अंतरिम सीईओ और आईपीएल के मुख्य परिचालन

अधिकारी हेमांग अमीन ने राज्य इकाइयों को लिखे पत्र में कहा, ‘‘ऋद्धिमान साहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर एक पत्रकार द्वारा भेजे गये संदेशों के स्क्रीनशॉट साझा किये जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें इस पत्रकार ने धमकाया था। साहा ने सुनवाई के दौरान पत्रकार का नाम बोरिया मजूमदार बताया। ’’ अमीन ने कहा, ‘‘बीसीसीआई समिति ने साहा और मजूमदार के बयान पर विचार किया और निष्कर्ष पर पहुंचे कि मजूमदार का लहजा धमकाने वाला था। ’’ अमीन के अनुसार समिति ने शीर्ष परिषद को तीन पाबंदियों की सिफारिश की और मजूमदार पर इन्हें लगाने पर सहमति जतायी।

इन तीन पाबंदियों में भारत में किसी भी तरह के क्रिकेट मैचों (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) में प्रेस के सदस्य के तौर पर ‘एक्रिडिटेशन’ पर दो साल का प्रतिबंध, भारत में मान्यता प्राप्त किसी भी खिलाड़ी से कोई भी साक्षात्कार करने पर दो साल का प्रतिबंध और बीसीसीआई या सदस्यीय संघों की क्रिकेट सुविधाओं में प्रवेश पर दो साल का प्रतिबंध शामिल है। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी ने सभी राज्य इकाइयों से प्रतिबंधों का पालन करने के लिये कहा है।

प्रमुख खबरें

Rishabh Pant की Delhi Capitals में घर वापसी, Axar Patel बोले- यह उसका अपना घर है

सत्ता के नशे में CM Bhagwant Mann? Video विवाद को लेकर BJP-Congress ने माँगा Resignation

ICC Ranking Update: Joe Root टॉप Test बल्लेबाज, Jasprit Bumrah और Matt Henry ने साझा किया शीर्ष स्थान!

Jaipur Girls Trip Alert! मॉनसून में सहेलियों संग करें राजस्थान की इन शानदार जगहों का Road Trip