By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीते 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से पैलेट गन चलाए जाने को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राष्ट्रवाद पर ‘‘घड़ियाली आंसू बहाने वाले’’ लोग वास्तव में देश के युवाओं के सबसे बड़े दुश्मन हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि गंभीर रूप से घायल साहिल लोचब तथा उनकी मां को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दिल्ली पुलिस के चक्कर काटने पड़े। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 20 जुलाई को छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के छर्रों से घायल हुए 19 वर्षीय साहिल लोचब के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर शुक्रवार को संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय के बाहर धरना दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘साहिल अकेला नहीं है। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी हर पीड़ित युवा के साथ खड़े हैं। उनकी एफआईआर दर्ज होगी, उनकी आवाज दबने नहीं दी जाएगी और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।
छात्रों की गूंज नहीं थमेगी।’’ कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी सरकार पर साधा निशाना साधा और प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री पर छात्रों की पीड़ा को नहीं सुनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को छात्रों की चिंता नहीं है और उन्होंने उनकी पीड़ा सुनने की कोशिश नहीं की। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि दूसरी ओर, जब नेता प्रतिपक्ष छात्रों के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, तब उनके न्याय के प्रयास को ‘‘जानबूझकर रोका’’ जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मौजूदा स्थिति में राहुल गांधी को युवाओं के लिए उम्मीद की किरण के रूप में देखा जा रहा है तथा वह भारत के भविष्य की आवाज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यही बात भाजपा को परेशान कर रही है और पार्टी ‘‘एक के बाद एक अवैध कदम’’ उठा रही है।