By अंकित सिंह | Oct 20, 2022
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को लेकर राजनीति कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर से ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली का मुद्दा उठाया है। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार आईसीसी प्रमुख पद के लिए सौरव गांगुली का नामांकन नहीं भेज कर उन्हें इस प्रक्रिया से वंचित रखा है। इसके साथ ही उन्होंने इसे शर्मनाक राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया। इसके अलावा ममता बनर्जी ने महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने साफ तौर पर कहा कि गुजरात में चुनाव है इसलिए वहां दूध के दाम नहीं बढ़े बाकी अन्य राज्यों में बढ़ा दिए गए।
ममता ने सवाल किया कि उन्हें आईसीसी में क्यों नहीं भेजा गया? यह किसी के हितों को (क्रिकेट बोर्ड में) साधने के लिए किया गया। मैंने अनेक भाजपा नेताओं से बात की, लेकिन उनका नाम नहीं भेजा गया। उन्हें वंचित किया गया है। यह शर्मनाक राजनीतिक प्रतिशोध का मामला है। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ने इस सप्ताह की शुरुआत में गांगुली को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष के रूप में दूसरा कार्यकाल नहीं मिलने पर हैरानी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया था ताकि गांगुली को आईसीसी प्रमुख के पद के लिए चुनाव लड़ने की अनुमति मिल जाए।