By अनुराग गुप्ता | Mar 16, 2022
नयी दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा पर का भी जिक्र किया। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा बिहारी भी हैं, बंगाल के लिए बाहरी भी हैं। दरअसल, ममता बनर्जी ने शत्रुघ्न सिन्हा को आसनसोल उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का उम्मीदवार बनाया है।
कौन हैं शत्रुघ्न सिन्हा ?
अटल बिहारी वाजपेयी नीत पूर्ववर्ती राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में मंत्री रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली थी और साल 2019 का लोकसभा चुनाव पटना साहिब संसदीय सीट से लड़ा था। जिसमें उन्हें रवि शंकर प्रसाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। शत्रुघ्न सिन्हा दो-दो बार राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। फिलहाल वो टीएमसी में हैं और ममता बनर्जी ने उन्हें आसनसोल सीट पर होने वाले उपचुनाव में पार्टी का प्रत्याशी बनाया है।
आसनसोल से टिकट मिलने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य ममता बनर्जी के हाथों में है। मैं देशभर में खेला होबे का विस्तार कर उनके हाथ मजबूत करूंगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी जांची परखी और सफल नेत्री हैं जिनके हाथ में देश का भविष्य है। आज की सरकार विभाजनकारी राजनीति करती है जिसके विरुद्ध ममता बनर्जी खड़ी हो सकती हैं।