‘ममता बनर्जी को हिंदुओं से नफरत’, मुर्शिदाबाद न जाने के लिए बंगाल की सीएम पर भाजपा ने बोला हमला

By अंकित सिंह | Apr 21, 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए उन पर हिंदुओं के प्रति घृणा के कारण मुर्शिदाबाद हिंसा के पीड़ितों को जानबूझकर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ''वह हिंदुओं से नफरत करती हैं।'' भाजपा नेता बनर्जी के मुर्शिदाबाद न जाने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे, जहां वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी।

उन्होंने कहा कि हम एनआईए से जांच चाहते हैं ताकि सच्चाई सामने आए। यह जातीय सफाया है और बहुत ही सुनियोजित तरीके से चल रहा है। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के बयान पर मेरी कोई टिप्पणी नहीं है। यह देश के राष्ट्रपति का फैसला है और वे इस पर फैसला लेने के लिए पूरी तरह योग्य हैं। उन्होंने कहा कि उस दिन इस तरह की कई घटनाएं हुईं और इतना ही नहीं, हिंदुओं को बंदूक की नोक पर पकड़कर उनसे इस्लामी धार्मिक नारे लगवाए गए। राज्य के अन्य हिस्सों में रहने वाले अन्य हिंदुओं का यही भविष्य होगा, जो सोच रहे हैं कि यह समस्या मुर्शिदाबाद तक ही सीमित है। मैं कोलकाता के तथाकथित बुद्धिजीवियों से पूछना चाहता हूं कि वे कहां हैं। 

इसे भी पढ़ें: अस्पताल में भर्ती पश्चिम बंगाल के राज्यपाल, सीने में दर्द की शिकायत, ममता ने भी जाना हाल-चाल

पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल जिले मुर्शिदाबाद में 11 अप्रैल को वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी। विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसके परिणामस्वरूप दो लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल हो गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। हज़ारों लोग सुरक्षा की तलाश में अपने घरों से भाग गए। बाद में यह विरोध प्रदर्शन मालदा, दक्षिण 24 परगना और हुगली सहित अन्य जिलों में फैल गया, जहां आगजनी, पथराव और सड़क अवरोध की घटनाएं सामने आईं।

प्रमुख खबरें

देश और दुनिया की प्रमुख घटनाएं: आठ अक्टूबर की बड़ी खबरों का ब्योरा

NHRC की दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस: जंतर-मंतर पर महिला पत्रकारों से कथित यौन उत्पीड़न मामले में 2 सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी शराब की दुकानें: कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आबकारी विभाग का फैसला, 20 हजार जवान तैनात

सीमापुरी हादसा: मलबे में तब्दील चार मंजिला इमारत, मौतों का आंकड़ा 4 पहुंचा, पास के क्षतिग्रस्त ढांचों को गिराएगा MCD