Kochi में थाने पहुंचकर पुलिसकर्मी से बहस और सरकारी वाहन में तोड़फोड़, आरोपी हमसथ अरेस्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026

कोच्चि, सात नवंबर केरलम के कोच्चि में एक थाने में कथित तौर पर हंगामा करने और हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस के वाहन को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान मट्टनचेरी के कोचंगडी निवासी हमसथ के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे मट्टनचेरी थाने पहुंचा और वहां ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी से बहस करने लगा जिससे सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने बताया कि इससे पहले उसे शिकायत मिली थी कि हमसथ चक्कमदम के एक बार में शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। ‘बार’ में पहुंची पुलिस टीम ने उसे हंगामा करते पाया, लेकिन पुलिसकर्मियों को देखते ही वह वहां से चला गया।

उसने बताया कि बाद में वह थाने पहुंचा और वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी श्रीजीत से बहस करने लगा। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, चिकित्सकीय जांच के लिए पुलिस वाहन में ले जाए जाने के दौरान हमसथ कथित तौर पर चालक की सीट की ओर बढ़ा और उसने सामने के शीशे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया।

प्राथमिकी के अनुसार, उसने वाहन के अंदर लगा शीशा भी उखाड़ दिया। इससे वाहन को करीब 40,000 रुपये का नुकसान हुआ। इसके अनुसार जब थाने के चालक शरत ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे लात-घूंसों से मारा, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि शरत और हमसथ, दोनों को करुवेलिप्पडी स्थित महाराजा सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां शरत का उपचार किया गया और आरोपी की चिकित्सकीय जांच की गई। हमसथ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रमुख खबरें

भारतीय कंपनियां बड़े पैमाने पर लागू कर रहीं AI, ठोस फायदे दिखने लगे: Oracle

हिम्मत है तो मेरी छाती पर बुलडोजर चलाओ...अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमले के बाद बोलीं ममता

Kyiv पर मिसाइल हमलों से बिजली-पानी ठप, वार्ता से ठीक पहले पांच जख्मी

IAF के Il-76 विमान ने लद्दाख के Nyoma में 13,000 फुट पर रचा इतिहास