पुणे में ‘आदमखोर’ तेंदुए को गोली मारी गई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 05, 2025

महाराष्ट्र के पुणे जिले में निशानेबाजों की एक टीम ने एक ‘‘आदमखोर’’ तेंदुए को ढेर कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पिछले एक महीने में जिले के शिरूर तहसील के मौजे पिंपरखेड क्षेत्र में तेंदुए के हमले में दो बच्चों और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई।

तेंदुए के हमले जुन्नार, शिरूर, अम्बेगांव और खेड़ तालुकाओं में तेजी से बढ़े जिससे लोगों में व्यापक जन आक्रोश फैल गया। रविवार को तेंदुए के हमले में 13 साल के लड़के की मौत के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने वन विभाग के एक वाहन में आग लगा दी थी।

वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को तेंदुए को पकड़ने और ‘‘खत्म’’ करने का आदेश दिया था। जुन्नार वन प्रभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आदमखोर तेंदुए को मंगलवार रात हमले वाली जगह से 400 से 500 मीटर की दूरी पर देखा गया।

निशानेबाजों की टीम ने उसे बेहोश करने का प्रयास किया लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। जैसे ही तेंदुआ आक्रामक हुआ और हमला करने के लिए उनकी ओर बढ़ा, निशानेबाजों ने रात करीब 10.30 बजे गोली चला दी, जिससे तेंदुआ मारा गया। तेंदुए की उम्र पांच से छह साल थी।’’

अधिकारी ने बताया कि तेंदुए के अवशेष पिंपरखेड़ के ग्रामीणों को दिखाए गए और बाद में उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मानिकदोह बचाव केंद्र ले जाया गया। मंगलवार को भी एक नर तेंदुए को जाल बिछाकर पकड़ा गया था।

प्रमुख खबरें

Pakistan में IED विस्फोट में नाबालिग लड़की घायल, जांच शुरू

Sudan में आतंकी हमले में Bangladesh के छह शांति सैनिक मारे गए

Russia ने परिसंपत्तियों पर रोक लगाने के EU के निर्णय की आलोचना की

हम जवाबी कार्रवाई करेंगे: सीरिया में हमले में तीन अमेरिकियों के मारे जाने के बाद ट्रंप ने कहा