By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 21, 2026
मणिपुर पहुंचने पर यहां हवाई अड्डे से कथित तौर पर अगवा किए गए पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति को सुरक्षा कर्मियों ने बिष्णुपुर जिले से बचा लिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मोइरांग थाने के कर्मियों ने मोहम्मद वसीम अकरम को 19 सितंबर को नारानसेना इलाके से बचाया।
पुलिस ने कहा, ‘‘मोइरांग थाने के कर्मियों ने 19 सितंबर को पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद वसीम अकरम को नारानसेना से बचाया। अकरम ने उस वाहन का हैंडब्रेक खींच दिया था जिससे उसे अगवा कर ले जाया जा रहा था। इसके बाद वह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर मदद के लिए सुरक्षा कर्मियों के पास पहुंचा।
उसे इंफाल हवाई अड्डा पहुंचने के बाद अगवा कर लिया गया था।’’ पुलिस के बयान में कहा गया कि वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है ताकि अन्य संदिग्धों का पता लगाकर उन्हें पकड़ा जा सके। मणिपुर में तीन साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं तथा वहां प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने की कार्रवाई कर रहे हैं। घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच मई 2023 में भड़की जातीय हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।