By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026
मणिपुर के चूड़ाचांदपुर जिले के तीन प्रमुख जोमी संगठनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य में जातीय संघर्ष का शांतिपूर्ण, समावेशी और स्थायी समाधान निकालने के लिए सरकार सभी पक्षों के साथ बातचीत जारी रखेगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में जोमी काउंसिल, ‘यूनिफाइड जोऊ ऑर्गनाइजेशन’ (यूजेडओ) और ‘जोमी चीफ्स एसोसिएशन’ के प्रतिनिधि शामिल थे।
जोमी कई जनजातियों का समूह है, जो मुख्य रूप से चूड़ाचांदपुर जिले में रहते हैं। उनकी जातीय और भाषाई समानताएं कुकी समुदाय से हैं। सिंह ने बैठक के दौरान दोहराया कि सरकार शांति को बढ़ावा देने, सभी समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखने और सामान्य जीवन की बहाली के लिए परिस्थितियां तैयार करने के वास्ते प्रतिबद्ध है।
इस बीच, एक महिला संगठन के सदस्यों ने कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया और मणिपुर विधानसभा का तत्काल सत्र बुलाने की मांग की। महिला संगठन इमागी मीरा के सदस्यों ने विधानसभा परिसर के सामने प्रदर्शन किया। इमागी मीरा की अध्यक्ष सुजाता थोखचोम ने संवाददाताओं से कहा, “हम राज्य के कई मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं, जिसमें मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और ‘ऑपरेशन निलंबन’ पर प्रस्ताव भी शामिल है।” उन्होंने कहा कि सदन के सभी सदस्यों को इस सत्र के लिए एक साथ आना चाहिए, फिर चाहे वे सत्तारूढ़ दल से हों या विपक्ष से।
सुजाता ने कहा, “अब तक राज्य को बचाने के लिए विधानसभा की ओर से कोई फैसला नहीं लिया जा सका है।