Manipur में UPPK के 5 उग्रवादी गिरफ्तार, वसूली और अपहरण की वारदातों में थे शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 26, 2026

मणिपुर में इंफाल घाटी के जिलों में जबरन वसूली, धमकी और अपहरण की वारदातों में कथित रूप से शामिल पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (यूपीपीके) से जुड़े इन उग्रवादियों को मंगलवार को बिष्णुपुर, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया कि गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से यूपीपीके के कुल 23 लेटरहेड बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान उग्रवादियों ने अपहरण, जबरन वसूली और धमकी देने की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की। इस बीच, बयान के अनुसार, सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी जिले के ताफोउ कुकी और उससे सटे सेनापति जिले के ताफोउ लियांगमई में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।

मौके से दो एसबीबीएल बंदूकें, 12-बोर के 78 कारतूस और एके-47 तथा .22 बंदूक के कारतूसों के खाली खोखे बरामद किए गए। यह अभियान मंगलवार को मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने चलाया। बयान में कहा गया कि अभियान के दौरान ताफोउ कुकी में दो और ताफोउ लियांगमई में एक बंकर भी नष्ट कर दिया गया।

प्रमुख खबरें

Maharashtra के Nanded में मासूम बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी परभणी से गिरफ्तार

Astronaut Anil Menon और सोफी एडेनोट ने ISS पर Spacewalk पूरी कर लगाया नया एंटीना

मशहूर गायिका Dolly Parton का निधन, 80 की उम्र में Nashville में ली अंतिम सांस

Sensex में 285 अंकों की बढ़त, Nifty उछाल के साथ 24,356 के पार खुला