By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली के आरोप में चार लोगों और एक प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चार लोगों को सोमवार को बिष्णुपुर जिले में नंगखलावाई पावर स्टेशन के पास सब्जियां ले जा रहे वाहनों से जबरन पैसे वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अंगोम किशन (22), चितरंजन चिंगाखम (20), ताखेल्लंबम ओजित सिंह (27) और एच. जॉनसन शर्मा (26) के रूप में हुई है। उनके पास से एक कार भी बरामद की गई, जिसमें जबरन वसूली से प्राप्त रकम रखी हुई थी। अधिकारी ने बताया कि इंफाल पूर्वी जिले के न्यू चेकॉन इलाके से रविवार को राज्य पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के दो सदस्यों लइशराम होमेन सिंह (45) और मोइरांगथेम रोबेन सिंह (54) को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि उनके पास से तीन पिस्तौल, तीन मैगजीन, 18 कारतूस, हथियार रखने का एक फर्जी लाइसेंस और अन्य सामान जब्त किया गया।