By अभिनय आकाश | Oct 17, 2026
बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर उनके जन्मदिन पर पेरिस जाने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मान राज्य में ड्रग्स की गंभीर समस्या और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को नजरअंदाज कर रहे हैं। सिरसा ने मान के विदेश दौरे के फैसले पर सवाल उठाया, खासकर ऐसे समय में जब नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद मानसा में तनाव का माहौल है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर पंजाब से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता न देने का आरोप भी लगाया। सिरसा ने कहा कि पंजाब जल रहा है। नशा तस्कर दिन-दहाड़े नशा-विरोधी कार्यकर्ताओं की हत्या कर रहे हैं, और मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना जन्मदिन मनाने के लिए अपनी पत्नी के साथ पेरिस जा रहे हैं।
यात्रा के वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं पर सवाल उठाते हुए, सिरसा ने पूछा कि क्या पेरिस की यह यात्रा कोई आधिकारिक काम था या फिर पंजाब के करदाताओं के पैसे से मनाया गया जन्मदिन का जश्न। उन्होंने कहा भगवंत मान की पेरिस यात्रा कई गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या यह कोई आधिकारिक कामकाज की यात्रा है या पंजाब के करदाताओं के पैसे पर जन्मदिन मनाने का ट्रिप? इस यात्रा का खर्च पंजाब सरकार उठा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री की पत्नी आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा क्यों हैं? किस नियम के तहत ऐसा किया जा सकता है, और पंजाब के करदाताओं को इसका खर्च क्यों उठाना चाहिए? उन्होंने इस यात्रा के लिए मिले औपचारिक निमंत्रण के बारे में भी स्पष्टीकरण मांगा और सवाल किया कि क्या 'SIAL पेरिस 2026' (एक अंतरराष्ट्रीय खाद्य व्यापार प्रदर्शनी) में 'मार्कफेड' (MARKFED) की भागीदारी के लिए मुख्यमंत्री का वहां मौजूद होना जरूरी था।