By एकता | Nov 29, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 140वें एपिसोड में देश की कला, संस्कृति, खेल और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी कई खास बातें साझा कीं। उन्होंने पटना के बिहार संग्रहालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान, गुजरात के वडनगर में बने अनोखे संग्रहालय और वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत की भागीदारी का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने भारतीय गुड़ और चॉकलेट की बढ़ती पहचान, फिट इंडिया अभियान और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर भी बात की।
पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि जब भी वे किसी नई जगह पर जाएं, तो वहां के मशहूर पर्यटन स्थलों के साथ स्थानीय संग्रहालयों को देखने का समय भी निकालें। उन्होंने बताया कि पटना के ‘बिहार संग्रहालय’ को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में 9वां स्थान मिला है। इस सूची में यह पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पेरिस का ‘लूव्र संग्रहालय’ और न्यूयॉर्क का ‘द मेट’ दुनिया भर में मशहूर हैं, लेकिन इस सूची में बिहार संग्रहालय इन दोनों से भी आगे रहा है।
प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर में बने ‘अनंत अनादि वडनगर पुरातत्व संग्रहालय’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वडनगर में खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग दौर से जुड़ी कई चीजें मिली थीं। जिस जगह पर यह खुदाई हुई थी, उसी स्थान पर संग्रहालय बनाया गया है। यहां एक खास रास्ता तैयार किया गया है, जहां लोग जमीन से कई मीटर नीचे हुई खुदाई को देख सकते हैं। इससे उन्हें इतिहास को करीब से समझने का मौका मिलता है।
पीएम मोदी ने इटली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘वेनिस आर्ट बिएनाले’ का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे कला जगत का ओलंपिक बताया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, इस बार भारत के पवेलियन को देखने करीब 4.5 लाख लोग पहुंचे। दुनिया भर के दर्शकों ने भारत के पवेलियन को सबसे अच्छा चुना। उन्होंने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली में ‘इंडिया बिएनाले’ की शुरुआत होगी। यह आयोजन 108 दिनों तक चलेगा। इसमें देश के ऐतिहासिक स्मारक, संग्रहालय और आर्ट गैलरी शामिल होंगे। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी इस आयोजन में लेकर जाएं।
प्रधानमंत्री ने भारतीय खाद्य उत्पादों की बढ़ती पहचान पर भी बात की। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक पामायरा गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गुड़ लंबे समय से भारतीय घरों का हिस्सा रहा है और अब इसे विदेशों में भी पहचान मिल रही है।
पीएम मोदी ने चॉकलेट बनाने के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि कई स्टार्टअप स्थानीय चीजों का इस्तेमाल करके नए स्वाद वाली चॉकलेट बना रहे हैं। इससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से बनने वाली चॉकलेट का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने बताया कि अमूल स्थानीय पशुपालकों से ऊंटनी का दूध लेकर चॉकलेट, केसर फ्लेवर वाला दूध और राजभोग आइसक्रीम जैसे उत्पाद बना रहा है। वहीं, सूरत का ‘श्मिटेन’ चॉकलेट ब्रांड भी अपनी पहचान बना रहा है।
पीएम मोदी ने फिट इंडिया के ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 100 संस्करण पूरे होने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 में शुरू हुए इस अभियान से अब तक करीब 37 लाख लोग जुड़ चुके हैं। यह अभियान 30 हजार से ज्यादा जगहों तक पहुंच चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि पुणे में साल 2032 में यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी।
खेलों की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय फुटबॉल टीम की तारीफ की। उन्होंने बताया कि टीम ने इस साल रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप जीती है। इसके साथ ही उन्होंने बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने बताया कि 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में होगा।
प्रधानमंत्री ने कनाडा में चल रहे ‘साई धाम फूड बैंक’ की भी तारीफ की। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना है। पीएम मोदी के मुताबिक, ग्रेटर टोरंटो और हैमिल्टन क्षेत्र में इस फूड बैंक के जरिए हर महीने करीब 60 हजार लोगों की मदद की जाती है। इसमें बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों तक भी भोजन पहुंचाया जाता है। उन्होंने कनाडा में रेड एफएम से जुड़े कुलविंदर संधेरा के प्रयासों का भी जिक्र किया। कुलविंदर कम्युनिटी रेडियो के जरिए लोगों को जोड़कर सेवा के काम कर रहे हैं।
‘मन की बात’ के दौरान पीएम मोदी ने महान चित्रकार सोभा सिंह को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को उनकी 125वीं जयंती है। सोभा सिंह ने सिख गुरुओं के कई प्रसिद्ध चित्र बनाए थे। उन्होंने अपने जीवन के कुछ समय तक सेना में ड्राफ्ट्समैन के रूप में काम किया था और बगदाद में भी सेवाएं दी थीं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले बीएन राव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि है। संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।