By अभिनय आकाश | Aug 28, 2026
मराठा समाज के नेता मनोज जारांगे पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि वे मराठा आरक्षण के मुद्दे पर शनिवार को जालना ज़िले के अपने गाँव अंतरवाली सराटी में भूख हड़ताल शुरू करेंगे। जारांगे ने पहले मुंबई आने की चेतावनी दी थी, लेकिन अब उन्होंने पुलिस को एक पत्र देकर साफ़ किया है कि उनका आंदोलन शनिवार सुबह 9 बजे के बाद अंतरवाली सराटी में शुरू होगा।
जरांगे ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार मराठा समुदाय के योग्य लोगों को जारी किए जाने वाले कुनबी जाति प्रमाण-पत्रों की संख्या कम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि पहले पहचाने गए 58 लाख रिकॉर्ड के आधार पर प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं। जरांगे ने यह भी कहा कि अगर मराठा समुदाय के लोग मुंबई जाने का फैसला करते हैं, तो वे अपनी पसंद की जगहों पर प्रदर्शन करेंगे, जैसे कि आज़ाद मैदान, शिवाजी पार्क या 'वर्षा' (मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास) के बाहर।