By अंकित सिंह | Jun 02, 2025
पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। लगातार भारी बारिश से हज़ारों लोग प्रभावित हुए और केंद्र की ओर से उच्चस्तरीय प्रतिक्रिया की ज़रूरत पड़ी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ मणिपुर के राज्यपाल से बात की और उन्हें संकट से निपटने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। अमित शाह ने एक्स को लिखा कि असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में जारी भारी बारिश के मद्देनजर बात की। साथ ही उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है।
असम में बाढ़ और भूस्खलन में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। सड़क परिवहन, ट्रेन सेवाएं और नौका संचालन भी बाधित हुआ है। कामरूप जिले के चायगांव इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-17 का एक हिस्सा जलमग्न हो गया, जबकि ब्रह्मपुत्र के उफान के कारण जोरहाट और माजुली के बीच नौका सेवाएं निलंबित कर दी गईं। सीडब्ल्यूसी ने बताया कि कई नदियाँ खतरे के स्तर को पार कर गई हैं, जिनमें धलेश्वरी (हैलाकांडी), रुकनी (कछार), काटाखल (हैलाकांडी), बराक (श्रीभूमि), बुरीदेहिंग (तिनसुकिया), कुशियारा (श्रीभूमि), धनसिरी (गोलाघाट), और कोपिली (नागांव) शामिल हैं।