Oscars 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’, FFI ने की घोषणा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026

मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को ऑस्कर पुरस्कार 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया है। ‘फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एफएफआई) ने शुक्रवार को यह घोषणा की। संतोष डावखर द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसकी कहानी एक नवविवाहित जोड़े से जुड़ी पारंपरिक रस्म वाली एक रात के इर्द-गिर्द घूमती है।

यह भारतीय सिनेमा और मराठी सिनेमा के लिए खुशी का पल है। इस बार आधिकारिक प्रविष्टि ‘गोंधल’ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने पिछले दस दिनों में अलग-अलग भाषाओं की 33 फिल्में देखीं। कई अन्य अच्छी फिल्मों को लेकर भी हम चर्चा कर रहे थे।

‘गोंधल’ के अलावा ‘अंग’ और ‘इक्कीस’ शीर्ष तीन फिल्मों की सूची में थीं। ‘गोंधल’ का वर्ल्ड प्रीमियर 2025 में गोवा में आयोजित 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में हुआ था। डावखर ने इस महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ‘सिल्वर पीकॉक’ पुरस्कार प्राप्त किया था।

ग्रामीण महाराष्ट्र में होने वाले पारंपरिक गोंधल नृत्य के मध्यरात्रि के उत्सव की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म सुमन नामक महिला की कहानी है, जो अपनी मर्जी के खिलाफ हुई शादी से बेहद घुटन महसूस करती है। वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या और भागने की साजिश रचती है। फिल्म में अभिनेत्री इशिता देशमुख ने मुख्य भूमिका निभाई है।

इसमें किशोर कदम, योगेश सोहानी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु ने भी भूमिकाएं निभाई हैं। दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने फिल्म का संगीत तैयार किया है। एफएफआई को भेजी गई 33 फिल्मों की सूची में यामी गौतम की ‘‘हक’’, आदित्य धर निर्देशित “धुरंधर” और “धुरंधर: द रिवेंज”, “हनुमान अंश”, सनी देओल अभिनीत “बॉर्डर 2”, इम्तियाज अली की “मैं वापस आऊंगा”, राम चरण की “पेड्डी” और फरहान अख्तर की “120 बहादुर” भी शामिल थीं।

पिछले साल भारत ने ऑस्कर के लिए अपनी आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में नीरज घेवाण की महामारी पर आधारित फिल्म “होमबाउंड” को चुना था। हालांकि, यह अंतिम नामांकन में जगह नहीं बना सकी थी। ‘गोंधल’ ऑस्कर के लिए चुनी जाने वाली चौथी मराठी फिल्म है।

इससे पहले ‘कोर्ट’ (2015), ‘हरिश्चंद्राची फैक्टरी’ (2009) और “श्वास” (2005) को चुना गया था। किसी भी भारतीय फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में ऑस्कर हासिल नहीं किया है, जिसे पहले सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म श्रेणी के नाम से जाना जाता था। इस श्रेणी में अब तक केवल तीन भारतीय फिल्मों को नामांकन मिला है, जिनमें “मदर इंडिया”, मीरा नायर की “सलाम बॉम्बे” और आशुतोष गोवारिकर की “लगान” शामिल हैं।

जॉन अब्राहम और लीजा रे अभिनीत दीपा मेहता की “वॉटर” को भी नामांकन मिला था, लेकिन इसे कनाडा की ओर से भेजा गया था। अगले साल 14 मार्च को 99वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जायेगा।

प्रमुख खबरें

असम चुनाव में EVM की विश्वसनीयता पर PIL की स्वीकार्यता पर Gauhati HC में सुनवाई

RSS Chief Mohan Bhagwat बोले: भेदभाव न करना ही भारत की धर्मनिरपेक्षता की असली परंपरा

बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी कर BJP मना रही PM Modi का जन्मदिन, Akhilesh Yadav ने साधा निशाना

Anbil Mahesh से 18 करोड़ की धोखाधड़ी केस में CCB ने की आठ घंटे पूछताछ