By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 02, 2026
मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान मंदिर में धातु के दान की शुद्धता परखने के लिए एक उन्नत कम्प्यूटरीकृत मशीन स्थापित कर रहा है, ताकि दान प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाई जा सके। संस्थान के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि यह मशीन 20 विभिन्न धातुओं की मौजूदगी की जांच कर सकती है और नवरात्रि से काम करना शुरू कर देगी।
शर्मा ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट ने दान की गिनती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पहले ही कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गिनती की प्रक्रिया आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जाती है, जो गिनती कक्ष के भीतर की गतिविधियों को दर्ज कर सकते हैं। शर्मा ने कहा कि गिनती कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में की जाती है, जबकि सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग छह महीने तक सुरक्षित रखी जाती है।