संसद के मानसून सत्र को लेकर मायावती ने की ये खास अपील, ऑपरेशन सिंदूर का भी कर दिया जिक्र

By अंकित सिंह | Jul 21, 2025

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सरकार और विपक्ष से आज से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के दौरान रचनात्मक बहस में शामिल होने का आह्वान किया। मायावती ने एक्स पर लिखा कि संसद का आज से शुरू हो रहा बहुप्रतीक्षित सत्र, पिछले सत्रों की तरह देशहित व जनहित के अहम् और अति-ज़रूरी मुद्दों पर उचित एवं समुचित बहस तथा किसी बेहतर परिणाम के बिना ही, सरकार और विपक्ष के बीच टकराव, आरोप-प्रत्यारोप, हंगामा तथा देश के करोड़ों ग़रीब व अन्य मेहनतकश बहुजनों के थोड़े ’अच्छे दिन’ की ओर सही से आगे बढ़ने के भरोसे के बेगै़र ज़्यादातर निराश करने वाला ना हो, इसकी सभी देशवासियों को चिन्ता स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, विश्व के राजनीतिक व आर्थिक हालात जिस तेज़ी से लगातार नई करवटें बदल रहे हैं उसमें भारत सहित विभिन्न देशों के लोकतंत्र व उसकी संप्रभूता आदि को नई चुनौतियाँ एवं नया ख़तरा भी मंडलाने लगा है, जिसके प्रति भारत सरकार की अपनी राजनीतिक सजगता व कुशलता ही काफी नहीं है, बल्कि उसका सही से मुकाबला करने के लिए सरकार अगर विपक्ष के माध्यम से पूरे देश की जनता को विश्वास में लेकर आगे बढ़े तो यह उचित होगा। वास्तव में सरकार और विपक्ष दोनों पार्टी हित से ऊपर उठकर इन मुद्दों पर एकता बनायें, यही देश के बहुजनों की चाहत है। 

इसे भी पढ़ें: जनता से वसूली करो, दोस्त की तिजोरी भरो... रेल किराए में बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर कांग्रेस का तंज

मायावती ने कहा कि इसके साथ ही, संसद के वर्तमान मानसून सत्र के दौरान पहलगाम नरसंहार के मामले में भारत के ’आपरेशन सिन्दूर’ पर चर्चा के लिये सरकार को सकारात्मक होना चाहिये तो यह बेहतर होगा, क्योंकि देश की जनता व सीमाओं की सुरक्षा अन्ततः सरकार का पूर्ण उत्तरदायित्व बनता है, जिसके प्रति प्रतिपक्ष द्वारा भी पार्टी हित से ऊपर उठकर सरकार से सहयोग का रवैया अपनाना ज़रूरी अर्थात् सरकार व विपक्ष दोनों के लिए देश व जन सुरक्षा सर्वोपरि है।

प्रमुख खबरें

मैं बहुत मशहूर था, वो नहीं: Abhijeet Sawant ने की Arijit Singh के शुरुआती दिनों से अपने करियर की तुलना

Love & War Vicky Kaushal look | लव एंड वॉर से विक्की कौशल का धांसू फर्स्ट लुक जारी, सिगरेट और इंटेंस लुक में छाए एक्टर

Jitan Ram Manjhi ने Om Birla को लिखा पत्र, SC-ST सांसदों को चर्चा में अधिक समय देने की मांग

Omega 3 Fatty Acids सेवन से Heart Health और Brain Function में होता है सुधार