मेरठ : पुलिस ने किया सादिक-अमन हत्याकांड का खुलासा,दो गिरफ्तार

By राजीव शर्मा | Sep 10, 2021

मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के कस्बा शाहजहांपुर से ई रिक्शा लेकर घुमने निकले दो किशोरों की फतेहपुर नारायण के जंगल में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने ई रिक्शा लूटने के लिए दोनो बच्चों की हत्या की थी। पुलिस ने लूटी हुई ई रिक्शा, हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी ने बताया कि ई-रिक्शा लूटने के लिए जाहिद ने दोनों किशोरों की हत्या की थी। आरोपी ने शौकीन को ई-रिक्शा दिलाने की बात कहकर 50 हजार रुपये कर्ज लिया था। उसने 28 अगस्त की शाम ई-रिक्शा लूटने की योजना तैयार की। खेत में खाद ले जाने के बहाने उसने सादिक का ई-रिक्शा रुकवाया। खाद के दो कट्टे लादकर वह उन्हें जंगल में ले गया। अपनी ट्यूबवेल से दूर ई-रिक्शा रुकवा लिया। पहले सादिक को वह नलकूप की मोटर उठाने के बहाने जंगल में ले गया और उसकी गला दबाकर व चाकू से रेतकर हत्या कर दी। दूसरे अमन को भी इसी तरह मौत की नींद सुला दिया और उनका ई-रिक्शा लूट लिया।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी तो एक संदिग्ध दोनों बच्चों के साथ जाता दिखा। कई जगह सीसीटीवी कैमरे में वह कैद हुआ। कुछ वीडियो भी पुलिस के हाथ लगी। जिसके बाद इंस्पेक्टर किठौर अरविंद मोहन शर्मा और सर्विलांस प्रभारी मनीष बिष्ट के नेतृत्व में दो टीमें मामले के खुलासे के लिए लगाई गई। पुलिस ने गांव में छानबीन शुरू की और सर्विलांस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 50-60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी जाहिद पुत्र हसनैन निवासी गांव नित्यानंदपुर (मीतापुर) किठौर और उसके साथी शौकीन पुत्र शहादत निवासी पिपलौती थाना हसनपुर जनपद अमरोहा को गिरफ्तार किया। लूटा गया ई-रिक्शा व हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। 

आरोपी ने पुलिस को बताया कि पहले उसने भोला नाम के ई-रिक्शा चालक को रोका, लेकिन उसने जंगल में जाने से इनकार कर दिया। जिसके बाद इन दोनों बच्चों को रोका और 150 रुपये में भाड़ा किया। वह केवल ई-रिक्शा लूटना चाहता था, लेकिन दोनों बच्चे उसे पहचानते थे, जिसके चलते उनकी हत्या की। 

प्रमुख खबरें

Jamui में छात्रा से अभद्रता मामले में SIT ने 3 आरोपी दबोचे, POCSO Act में केस दर्ज

Story Books For Kids Under 5: किताबों की इन 5 कहानियों से बच्चों को मिलेगी जिंदगी की बड़ी सीख

आवारा पशुओं पर Supreme Court के फैसले पर NHAI ने मांगी स्पष्टता, CJI सुनवाई को तैयार

Vijayawada में DSC भर्ती पर भारी बवाल, YSRCP ने Nara Lokesh से मांगा इस्तीफा और CBI जांच