By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2022
अंताल्या (तुर्की)। रूस और यूक्रेन के विदेश मंत्रियों ने तुर्की के एक भूमध्यसागरीय रिसॉर्ट में बैठक शुरू की है। यूक्रेन पर रूस के हमले शुरू होने के बाद से दोनों देशों के बीच यह पहली उच्चस्तरीय वार्ता है। रूस के विदेश मंत्री सर्जेई लावरोव और यूक्रेन के विदेश मंत्री दमोत्री कुलेबा की बैठक बृहस्पतिवार को अंताल्या शहर के पास एक कूटनीतिक फोरम से इतर हो रही है। बैठक में तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोगलु भी भाग ले रहे हैं। कावुसोगलु ने कहा कि बैठक का उद्देश्य रूस तथा यूक्रेन के राष्ट्रपतियों के बीच बैठक का रास्ता साफ करना है। बर्लिन- संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि यूक्रेन के परमाणु केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर वार्ता के लिए वह तुर्की जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रोसी को तुर्की के विदेश मंत्री ने अंताल्या आमंत्रित किया है।