By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
जम्मू, आठ नवंबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने जम्मू रेलवे स्टेशन के पास आग लगने से तबाह हुए शिव मार्केट का रविवार को दौरा किया। उन्होंने पिछले महीने दर्जनों दुकानों में लगी आग से हुए नुकसान का आकलन किया। पांच नवंबर को सर्वसम्मति से लगातार पांचवीं बार पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद शीतकालीन राजधानी की अपनी पहली यात्रा पर महबूबा शनिवार को जम्मू पहुंचीं।
उनका सोमवार को श्रीनगर लौटने का कार्यक्रम है। शिव मार्केट के अपने दौरे के दौरान, महबूबा ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की, उनके प्रति गहरी एकजुटता प्रकट की और आग से हुए भारी नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की। पार्टी के एक नेता के मुताबिक, महबूबा ने व्यवसायों को फिर से खड़ा करने और आजीविका बहाल करने में मदद के लिए एक विशेष राहत और पुनर्वास पैकेज की उनकी मांग का समर्थन किया।
शिव मार्केट में 25 अक्टूबर की रात भीषण आग लग गई, जो कई घंटों तक जारी रही, जिसमें कम से कम 40 दुकानें जलकर खाक हो गईं और करोड़ों रुपये का माल नष्ट हो गया। पीडीपी प्रमुख ने प्रभावित व्यापारियों को अपने समर्थन का आश्वासन दिया और उन्हें वित्तीय घाटे से उबरने और उनकी व्यावसायिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने में मदद करने के लिए उचित सहायता की आवश्यकता पर बल दिया। बाद में, महबूबा ने जम्मू के नरवाल इलाके में निराश्रित और वंचित बच्चों के लिए धर्मार्थ केंद्र बालग्राम का दौरा किया, जहां उन्होंने वहां रहने वाले बच्चों के साथ दिवाली मनाई।
उन्होंने संस्थान में लगभग एक घंटा बिताया, दिवाली समारोह में भाग लिया और बच्चों के साथ दोपहर का भोजन किया। उन्होंने बच्चों के साथ-साथ और प्रबंधन सदस्यों के साथ भी बातचीत की।