By अनन्या मिश्रा | Nov 02, 2026
साल के आखिरी महीनों में कई लोग घूमने का प्लान करते हैं। ऐसे में अगर आप भी नवंबर में कुछ दिन सुकून के बिताना चाहती हैं। तो बता दें कि भारत में इस दौरान कई जगहों पर मौसम बेहद सुहावना रहता है। जिससे नई जगहों पर जाना और भी मजेदार और यादगार हो सकता है। अगर आपको ऐतिहासिक किले देखने का शौक है, पहाड़ों की वादियों और प्रकृति के बीच वक्त बिताना पसंद है, तो भारत में ट्रैवल लवर्स के लिए कई शानदार ऑप्शन मौजूद हैं।
इसे भी पढ़ें: Uttarakhand के Munsiyari में ₹3000 के Budget में दिखेगी पंचचूली, ऐसे करें Trip प्लान
नवंबर के महीने में आप पंजाब के अमृतसर को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां पर आपको इतिहास, धार्मिक आस्था और देशभक्ति का अनोखा अनुभव दे सकता है। यहां पर स्थित गोल्डन टेंपल की खूबसूरती और शांत वातावरण पर्यटकों के बीच फेमस है। इसके अलावा आप जलियांवाला बाग का इतिहास देख सकती हैं और वाघा-अटारी बॉर्डर पर होने वाली बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का अनुभव ले सकती हैं।
अगर आपको भी मंदिरों, पुराने किलों और ऐतिहासिक इमारतों को करीब से देखने का शौक है। तो आप नवंबर के महीने में कर्नाटक की हम्पी को एक्सप्लोर कर सकती हैं। यहां की प्राचीन वास्तुकला और विजयनगर साम्राज्य के अवशेष अतीत के गौरवशाली इतिहास को बयां करते हैं। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में प्रसिद्ध हम्पी में पत्थरों से बने रथ, ऐतिहासिक खंडहर और भव्य मंदिर को देखने के लिए जा सकती हैं। नवंबर में यहां का मौसम सुहावना रहता है।
अगर आप भी प्रकृति के बीच रहकर सुकून भरे पल बिताना चाहती हैं, तो नवंबर में आप कर्नाटक के कुर्ग घूमने के लिए जा सकती हैं। यह अपने कॉफी के बागानों, हरियाली और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए फेमस है। आप यहां पर एबी फॉल्स के खूबसूरत नजारे देख सकती हैं। कॉफी बागानों में घूम सकती हैं और रोमांच पसंद लोग ट्रेकिंग कर सकते हैं। नवंबर के महीने में इस जगह की खूबसूरती को करीब से देख पाएंगी।
केरल का अलप्पुझा को एलेप्पी के नाम से भी जाना जाता है। इसको लैगून, सुंदर झीलों और नहरों की वजह से 'पूर्व का वेनिस' भी कहा जाता है। यह अपने खूबसूरत हाउसबोट और बैकवॉटर के लिए पर्यटकों के बीच फेमस है। यहां पर ऊंचे-ऊंचे नारियल के पेड़ों और हरियाली से घिरे जलमार्गों में हाउसबोट की सैर करना एक यादगार एक्सपीरियंस हो सकता है। पानी के किनारे बसे गांव, स्थानीय लाइफस्टाइल और पारंपरिक घरों को करीब से जानने समझने का मौका मिलेगा। नवंबर में यहां जाना अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
नवंबर में आप राजस्थान के जैसलमेर को एक्सप्लोर कर सकती हैं। सुनहरे रेत के टीलों, ऐतिहासिक किलों और तारों से सजे आसमान के बीच समय बिताने का एक्सपीरियंस काफी अलग होगा। आप सोनार किला और पुरानी हवेलियां घूम सकती हैं और ऊंट सफारी का आनंद ले सकती हैं। हालांकि अगर आप कुछ अलग एक्सपीरियंस करना चाहती हैं, तो रेगिस्तान में कैंपिंग भी कर सकती हैं। लेकिन रात के समय यहां का तापमान कम हो सकता है, इसलिए अपने साथ गर्म कपड़े जरूर रखें।
नवंबर के महीने में घूमने के लिहाज से शिलॉन्ग के शानदार ऑप्शन हो सकता है। मेघालय की खूबसूरत पहाड़ों की नगरी में आपको सुहावना वातावरण, हरे-भरे नजारे और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलता है। मानसून के बाद यहां की प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक होती है। वहीं नवंबर में यहां पर आयोजित होने वाला चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल भी शिलॉन्ग की रौनक को कई गुना बढ़ा देता है।
अगर आप भी नवंबर में धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभवों के साथ घूमने का प्लान कर रही हैं। तो आपको वाराणसी जाना चाहिए। गंगा किनारे बसा यह शहर बेहद खूबसूरत है। सुबह के समय में नाव की सैर, मंदिरों के दर्शन और शाम को भव्य गंगा आरती देख सकती हैं। वहीं नवंबर में यहां पर देव दीपावली मनाई जाती है, जिसको देख सकती हैं। इस दौरान घाट हजारों दीपों से जगमगा उठते हैं।
नवंबर में स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने के लिए आप गुजरात के कच्छ जा सकती हैं। यहां पर दूर-दूर तक फैली सफेद नमक की जमीन और रेगिस्तान जैसा नजारा आपका मन मोह लेगा। कच्छ का रण उत्सव इसकी खूबसूरती को अधिक बढ़ा देता है। यहां पर आप पारंपरिक नृत्य, हस्तशिल्प, लोक संगीत और गुजराती परंपराओं का आनंद ले सकती हैं। हालांकि ट्रिप प्लान करने के पहले रण उत्सव की डेट और कार्यक्रमों का शेड्यूल जरूर चेक कर लें।