By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 24, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोटापे के खिलाफ लड़ाई में शामिल होते हुए ओलंपिक रजत पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने सोमवार को जोर देते हुए कहा कि जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव इस ‘बड़ी स्वास्थ्य समस्या’ से निपटने में महत्वपूर्ण अंतर पैदा कर सकते हैं। इस पहल की शुरुआत सोमवार को हुई जब प्रधानमंत्री मोदी ने मोटापे से निपटने के प्रयासों का नेतृत्व करने के लिए चानू सहित विभिन्न क्षेत्रों से 10 व्यक्तियों को नामित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें भारत के इस दिशा में आगे बढ़ने और हमारी विकास यात्रा का समर्थन करने की जरूरत है। हमारे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करने से देश में बड़े बदलाव हो सकते हैं और भारत को फिट बनाने के हमारे सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है।’’
इस पहल के हिस्से के रूप में चानू ने कई प्रमुख खिलाड़ियों को नामित किया जिनमें मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश, ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, निशानेबाजी के दिग्गज गगन नारंग, पूर्व महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पुरुष हॉकी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस, दोहरी ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, पेरिस खेलों के पदक विजेता निशानेबाज सरबजोत सिंह, टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा और पैरालंपिक निशानेबाजी चैंपियन अवनी लेखरा शामिल हैं।