By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने स्वीकार किया कि अगर वैभव सूर्यवंशी बृहस्पतिवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत की अंतिम एकादश में जगह बनाते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा लेकिन उनकी टीम ने इस युवा बल्लेबाज के लिए कुछ रणनीति तैयार की हैं। सूर्यवंशी को इस साल की शुरुआत में ब्रिटेन दौरे के लिए चुने जाने के बाद से बहुत कम मौके मिले हैं, क्योंकि नियमित सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। सैंटनर ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘वह (सूर्यवंशी) वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली श्रृंखला में नहीं खेले थे लेकिन हमने आईपीएल में देखा है कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं।
हमने आईपीएल में देखा कि वह कितनी आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो हमने उनके लिए रणनीति तैयार की है।’’ सैंटनर से अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लगभग चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी के बारे में भी पूछा गया। न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भुवनेश्वर को यहां की परिस्थितियां पसंद आएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भुवी को बहुत पसंद आएंगी। अगर विकेट से थोड़ी भी मदद मिलती है, तो वह उसका फायदा उठा सकते हैं। भारत में कुछ सपाट पिचों पर भी उन्होंने गेंद को स्विंग कराने में कामयाबी हासिल की थी।
इसलिए मुझे लगता है कि यहां उनका सामना करना न्यूजीलैंड के लिए एक चुनौती होगी।’’ सैंटनर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस श्रृंखला में गेंदबाजों का दबदबा रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पहले मैच में ऐसा हो सकता है, लेकिन स्थिति बहुत जल्दी बदल सकती है। यह काफी हद तक मौसम पर निर्भर करता है।
दूसरा मैच उसी पिच पर खेला जाएगा जिसका पहले मैच के लिए उपयोग किया जाएगा। इसलिए यह थोड़ा सपाट हो सकता है।’’