एफसीआरए संशोधन विधेयक का एमएनएफ ने किया विरोध, सांसदों से खिलाफ मतदान करने की अपील की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

आइजोल, 28 जुलाई मिजोरम की मुख्य विपक्षी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक का कड़ा विरोध किया है और राज्य के सांसदों से संसद में इसके खिलाफ मतदान करने की अपील की है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। एमएनएफ केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी है।

मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ)के उपाध्यक्ष लालछंदामा राल्ते ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित संशोधनों को गिरजाघरों, एनजीओ, शिक्षण संस्थानों और परमार्थ संगठनों के लिए गंभीर खतरा मानती है, जो विदेशी मदद पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एफसीआरए संशोधन विधेयक का एमएनएफ का कड़ा विरोध करती है। हमें उम्मीद है कि लोकसभा और राज्यसभा में राज्य के सदस्य इसका जोरदार विरोध करेंगे और विधेयक पर मत विभाजन के दौरान मतदान से दूर नहीं रहेंगे।’’ मिजोरम से लोकसभा और राज्यसभा में एक-एक सदस्य हैं और दोनों ही राज्य में सत्तारूढ़ ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम)के सदस्य हैं।

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राल्ते ने कहा कि कानून में प्रस्तावित बदलावों से संगठनों के लिए विदेशी चंदा पाना काफी मुश्किल हो जाएगा, जिससे मिजोरम में स्कूलों, अनाथालयों और अन्य संस्थानों पर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ईसाई होने के नाते हम इन संशोधनों का पुरजोर विरोध करते हैं क्योंकि लोगों की सेवा करने वाली संस्थाओं पर इनका दूरगामी असर पड़ेगा।’’ राल्ते ने कहा कि पार्टी पहले ही अपना विरोध जाहिर कर चुकी है और इस समय दिल्ली दौरे पर गए एमएनएफ अध्यक्ष ज़ोरामथंगा केंद्र के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष भी इस मुद्दे को उठाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम सरकार केंद्र को एक ज्ञापन सौंपने की योजना बना रही है, जिसमें प्रस्तावित संशोधन को लेकर अपनी चिंता और उसमें किए जाने वाले बदलावों का जिक्र होगा।

प्रमुख खबरें

नेतन्याहू में दीवार में रखी जादुई पर्ची, हुआ बड़ा चमत्कार, पलट गया चुनाव!

इधर विपक्ष बेकार का हंगामा करता रह गया, उधर Modi Cabinet ने बड़े फैसले लेकर Diwali से पहले जनता की जेबें भर दीं

Khelo India खेल उपकरण विनिर्माण योजना को Cabinet ने दी 1856 करोड़ रुपये की मंजूरी

पति पत्नी और करवा चौथ (व्यंग्य)