मोदी और अल्बानीज ने India-Australia टेस्ट मैच देखा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2023

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज ने बृहस्पतिवार को यहां अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आधे घंटे तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल देखा। दोनों ने गोल्फ कार्ट (गोल्फ खिलाड़ियों को गोल्फ कोर्स ले जाने में इस्तेमाल होने वाला छोटा मोटर वाहन) में स्टेडियम का ‘लैप ऑफ ऑनर’ लगाया। मोदी और अल्बानीज ने अपने-अपने देश की क्रिकेट टीम के कप्तानों क्रमश: रोहित शर्मा और स्टीव स्मिथ को टेस्ट कैप सौंपी।

सुबह से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों से भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जिनमें से ज्यादातर तिरंगा लेकर पहुंचे थे और उनके चेहरे भी रंगे हुए थे। मैच के दिन के लिए भारत की टी-शर्ट और अन्य सामान बेचने वाले विक्रेताओं का सारा सामान बिक गया। एक प्रशंसक ने कहा, ‘‘हम यहां प्रधानमंत्री मोदी को देखने आए थे। वह हमारे ‘लकी चार्म’ हैं और उनकी मौजूदगी से इस टेस्ट मैच का रुख भारत के पक्ष में मुड़ जायेगा। मोदी है तो मुमकिन है। ’’

मैच देखने के लिये सूरत से पहुंचे राकेश देसाई ने कहा, ‘‘मेरा पूरा परिवार क्रिकेट प्रशंसक है। गुजरात के किसी भी स्टेडियम में मैच हो, हम सभी देखते हैं। मुझे भरोसा है कि इतने सारे लोगों को देखकर भारतीय टीम प्रेरित होगी। ’’ सूत्रों ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा ने मैच के लिए बड़ी संख्या में ‘पास’ की व्यवस्था की थी और इन्हें लोगों को दिया था। इनमें से कई स्टेडियम में कुछ समय मैच देखने के बाद बाद चले गए। अल्बानीज बुधवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे थे।

उन्होंने शहर में आयोजित कुछ कार्यक्रमों में शिरकत की थी। वहीं, मोदी बुधवार देर रात अहमदाबाद पहुंचे थे। भारत चार टेस्ट की श्रृंखला में 2-1 से आगे चल रहा है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने बृहस्पतिवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने अल्बानीज को उनका चित्र भेंट किया जबकि सचिव जय शाह ने भारतीय प्रधानमंत्री मोदी को उनका चित्र भेंट किया। जय शाह द्वारा भेंट किये गये चित्र की तीखी आलोचना हुई। कांग्रेस ने इसे ‘‘आत्म मोह’’ का एक और मामला करार दिया। कांग्रेस ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी के दोस्त के बेटे ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नरेंद्र मोदी को नरेंद्र मोदी की फोटो भेंट की।

प्रमुख खबरें

बीच पर टहलने से लेकर सर्फिंग तक... Kim Kardashian और Lewis Hamilton की शानदार छुट्टियों की तस्वीरें

ठाणे में Vande Mataram पर बड़ी गलती! सरकारी कार्यक्रम में बजा लता मंगेशकर के एल्बम का गाना, Shinde ने मांगी माफी

Ram Mandir Trust: सूत्रों का दावा, Champat Rai को UP SIT की पहली रिपोर्ट में Clean Chit

Health Tips: जिम जाने की जरूरत नहीं, Simple Tennis Ball से बढ़ाएं Brain Efficiency और Focus