चर्चाओं पर विराम, बिहार में साथ दिखे मोदी और नीतीश, ललन सिंह के लिए मुंगेर में किया प्रचार, निशाने पर रहा लालू परिवार

By अंकित सिंह | Apr 26, 2024

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर हाल में कई तरह की चर्चाओं को हवा देने की कोशिश की जा रही थी। एक चर्चा यह भी थी कि भाजपा लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए नीतीश कुमार से दूरी बना रही है। हालांकि, इन तमाम चर्चाओं पर एक बार फिर से ब्रेक लग गया है। मुंगेर में जदयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह के लिए प्रचार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ दिखे। दोनों ने अपने संबोधन में लालू परिवार पर निशाना साधा। साथ ही साथ कांग्रेस पर भी तगड़ा प्रहार किया। 

लालू यादव और उनकी पहले की सरकार पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि लालटेन वाले अंधकार युग में जो जंगलराज चलता था, उसे मुंगेर ने सबसे अधिक सहा है। पहले हर कोई यहां से पलायन के बारे में सोचता था, लेकिन JDU और BJP के नेतृत्व में NDA सरकार ने लालटेन के उस अंधकार युग से बिहार को बाहर निकाला है। अब जब भारत तेजी से विकसित हो रहा है, तो बिहार के तेज विकास का यही समय है। आज बिहार में लड़ाई NDA के संतुष्टिकरण मॉडल और इंडी गठबंधन के तुष्टिकरण मॉडल के बीच है।

राहुल पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे ने कहा है, देशभर में हर परिवार की कमाई का, प्रॉपर्टी का सर्वे करेंगे। भ्रष्टाचार करके लोगों को तबाह करने वाली कांग्रेस की बुरी नजर अब आपकी संपत्ति पर पड़ गई है। कांग्रेस आपकी संपत्ति का सर्वे कराकर आप पर विरासत टैक्स लगाएगी।  यानी अब आप अपनी संपत्ति अपने बच्चों को नहीं दे पाएंगे। कांग्रेस सत्ता में आई तो वह आपकी संपत्ति का आधे से अधिक हड़प लेगी। विरासत टैक्स लगाकर आपसे लूटी गई संपत्ति को कांग्रेस अपने खास वोट बैंक को बांट देगी। आज पूरा देश, नौजवान, बुजुर्ग मां-बाप चिंतित हैं। इसलिए एक स्वर से पूरा देश कह रहा है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।

इसे भी पढ़ें: Bihari Ju Mandir: बेहद रहस्यमयी है राधा-कृष्ण का यह मंदिर, भगवान खुद सुनते हैं गांव वालों की परेशानियां

मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन की दूसरी योजना तो और भी खतरनाक है और भारत के संविधान की भावना के विरुद्ध है। वह (कांग्रेस) धर्म के आधार पर आरक्षण लाना चाहते हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक में एक मॉडल बनाया है। उन्होंने कर्नाटक में मुस्लिम समुदाय के लोगों को ओबीसी वर्ग में शामिल कर दिया। ओबीसी को संविधान ने जो 27% आरक्षण दिया है, उसमें से आरक्षण को काटकर मुस्लिमों को दे दिया। अब यही काम कांग्रेस पूरे देश में करना चाहती है। उन्होंने कहा कि ये लोग कान खोल कर सुन लें, जब तक मोदी है, तब तक ये SC/ST/OBC का हक छीनकर धर्म के आधार पर नहीं बांट पाएंगे। ये मोदी की गारंटी है।

आज एक बार फिर से नीतीश कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि आप हम इधर-उधर नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 2005 से पहले कुछ नहीं था हम जब भाजपा के साथ सत्ता में आए तब यहां बहुत कम हुआ। उन्होंने कहा कि हम शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे तक सभी विभागों में विकास कार्य कर रहे हैं... काम हमने किया है और वह (तेजस्वी यादव) वोट मांग रहे हैं। हमने उन्हें दो बार मौका दिया लेकिन फिर हमने उन्हें हटा दिया। हम (जेडीयू-बीजेपी) हमेशा साथ रहे हैं और हमेशा साथ रहेंगे।  

प्रमुख खबरें

Asian Games में महिला टीम ने जीता Gold Medal, राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने दी बधाई

मंगल का पुष्य नक्षत्र में गोचर, 24 सितंबर से 4 राशियों के रुके काम पकड़ेंगे रफ्तार

Tamil Nadu के कोटे से Karnataka को 70 TMC Cauvery जल देने की मांग, Supreme Court ने ठुकराई

40 साल बाद Asian Games Badminton में भारत का लगातार मेडल पक्का, Japan को 3-0 से हराया