मोदी ने मृणालिनी साराभाई के निधन पर दुख व्यक्त किया
By प्रभासाक्षी | Jan 23, 2016
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जानीमानी नृत्यांगना मृणालिनी साराभाई के निधन पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृणालिनी साराभाई के पुत्र कार्तिकेय साराभाई को पत्र लिखकर उनकी मां के निधन पर शोक जताया है। भाजपा के एक नेता ने कहा कि मोदी ने कार्तिकेय को शुक्रवार को पत्र लिखा था और उनके मां के निधन पर दुख जताया था। कार्तिकेय गुजरात में रहते हैं। जानीमानी नृत्यांगना एवं पद्म पुरस्कार से सम्मानित मृणालिनी साराभाई शास्त्रीय नृत्य के रूपों की व्यख्याता थीं। उन्होंने अपनी कला का इस्तेमाल आधुनिक समाज की समस्याओं को रेखांकित करने के लिए किया। उनका गुरुवार को वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं के चलते अहमदाबाद में निधन हो गया। वह 97 वर्ष की थीं।##p##इससे पहले दिन में नृत्यांगना मल्लिका साराभाई ने यह दावा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा कि उन्होंने उनकी मां को श्रृद्धांजलि अर्पित नहीं की। मल्लिका ने फेसबुक पर लिखा कि यह उनकी ‘‘घृणा’’ मानसिकता दिखाता है। शास्त्रीय नृत्यांगना से सामाजिक कार्यकर्ता बनीं मल्लिका साराभाई 2009 के लोकसभा चुनाव में गांधीनगर सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ एक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर खड़ी हुई थीं। यद्यपि मल्लिका साराभाई चुनाव हार गई थीं।