By अंकित सिंह | Mar 12, 2026
ईरान संकट के बीच सरकार लगातार एक्शन में है। सरकार ने इसको लेकर एक समिति का गठन किया है। सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि गृह मंत्री अमित शाह समिति की अध्यक्षता करेंगे। पैनल के अन्य सदस्यों में विदेश मंत्री एस जयशंकर और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, मंत्रियों ने ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध पर चर्चा करने के लिए कई दौर की बैठकें की हैं। तीनों मंत्रालयों से उम्मीद की जाती है कि वे भारत के सामने आने वाली चुनौतियों को कम करने के लिए अन्य संबंधित मंत्रालयों, विभागों और राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
सुजाता शर्मा ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है। हमारी दैनिक खपत लगभग 55 लाख बैरल है। विविध खरीद के माध्यम से, हमने आज जो मात्रा सुरक्षित की है, वह इस अवधि के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से सामान्य रूप से आने वाली मात्रा से अधिक है। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत को एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के बीच, शर्मा ने कहा कि सरकार ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए लागत वृद्धि का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वहन किया है।