मोदी बोले- वोकल फॉर लोकल से चिढ़ते हैं घोर परिवारवादी, 10 मार्च के बाद रोजगार देने का काम और तेज होगा

By अंकित सिंह | Mar 05, 2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वाराणसी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर जबरदस्त तरीके से हमला किया और लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में मेरी ये आखिरी सभा है। उत्तर प्रदेश ने दशकों से शायद ऐसा चुनाव नहीं देखा होगा। ऐसा चुनाव जब सरकार अपने काम पर, अपनी ईमानदार छवि पर, भेदभाव और पक्षपात रहित विकास पर और सुधरी हुई कानून व्यवस्था के दम पर जनता-जनार्दन का आशीर्वाद मांग रही हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग, यूपी को गुंडागर्दी, मनचले, माफिया, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अवैध कब्जे देने वाली घोर परिवारवादियों को पूरी तरह नकार चुके हैं। मोदी ने कहा कि आज एक तरफ डबल इंजन का डबल बेनिफिट है, जिसका लाभ यूपी का हर नागरिक उठा रहा है। दूसरी तरफ घोर परिवारवादियों की कोरी घोषणाएं हैं, जो कभी पूरी हो ही नहीं सकती हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का ये तीसरा दशक पूरी दुनिया के लिए नई चुनौतियां, अभूतपूर्व संकट लेकर आया है। लेकिन भारत ने तय किया है कि इस अभूतपूर्व संकट और चुनौतियों को हम अवसर में बदलेंगे। ये संकल्प सिर्फ मेरा नहीं है, ये हिंदुस्तान के 130 करोड़ नागरिकों का है, आप सभी का है। हमारे गांवों की एक शक्ति ये भी है कि जब संकट आता है तब हर काई गिले शिकवे भुलाकर एकजुट हो जाता है। लेकिन देश के सामने कोई चुनौती आती है तो ये घोर परिवारवादी इसमें भी राजनीतिक हित ढूंढते रहते हैं।

इसे भी पढ़ें: सत्ता की 'महाभारत' का सातवां द्वार भेदने की तैयारी में महारथी

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादी वोकल फॉर लोकल से भी चिढ़ते हैं। पूरी दुनिया में आज योग की, आयुर्वेद की धूम मची है, लेकिन ये घोर परिवारवादी योग का नाम लेने से भी बचते हैं। कांग्रेस तो इससे भी आगे है, जो खादी एक जमाने में कांग्रेस की पहचान होती थी, वो उस खादी को भूल गए। उन्होंने कहा कि हमारे ये जो विरोधी लोग हैं उनसे कभी आपने एक बार भी सुना कि अपने देश में बनी हुई चीजें खरीदो, अपने देश में बनी हुई चीजों का उपयोग करो, देश में बनी चीजों को बढ़ावा दो? अगर ये आपके मित्र होते तो ये आपकी बनी चीजों को बेचने के लिए बोलते की नहीं? लेकिन इनके मुंह पर ताला लग गया है। उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद गरीब को पक्के घर देने का अभियान और तेज होगा। 10 मार्च के बाद गरीब को गैस कनेक्शन देने का काम और तेज होगा। 10 मार्च के बाद रोजगार देने का काम और तेज होगा।

प्रमुख खबरें

बिश्केक में पुतिन से मिले पीएम मोदी, रूस-यूक्रेन संघर्ष को बातचीत से सुलझाने पर दिया जोर

कौशांबी पटाखा फैक्टरी विस्फोट में 11 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख और किया मुआवजे का ऐलान

पाकिस्तान के नारोवाल में गिराया गया सदी पुराना हिंदू मंदिर

बिश्केक में ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान से मिले पीएम मोदी, पश्चिम एशिया में शांति का किया समर्थन