झारखंड में अगले 48 घंटो में मानसून के दस्तक देने की संभावना: आईएमडी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 17, 2022

रांची। झारखंड में अगले 48 घंटे के दौरान मानसून के दस्तक देने की संभावना है। भारत के मौसम विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इस बीच, मौसम ने करवट बदली है और राज्य के अनेक भागों में मानसून पूर्व की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि दक्षिण पश्चिम मानसून सोमवार तक राज्य के सभी हिस्सों में पहुंच जायेगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून के आगमन से पूर्व राज्य के विभिन्न भागों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और वज्रपात का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के पहाड़गंज में मकान गिरा, बच्चे की मौत, तीन अन्य घायल

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार को राज्य के उत्तर पूर्वी भाग में गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, दुमका,साहेबगंज के अलावा सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश एवं वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसी तरह शनिवार को संथालपरगना प्रमंडल में और रविवार को रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला को छोड़कर राज्य के शेष सभी जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात होगा।

अभिषेक आनंद ने बताया कि 20 जून को संथाल परगना और कोल्हान प्रमंडल में भारी बारिश होने की संभावना है। बृहस्पतिवार को रांची, लोहरदगा, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, देवघर जिला में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की और कुछ जगहों पर तेज बारिश हुई। अभिषेक ने बताया कि आम तौर पर झारखंड में मानसून पिछले कुछ वर्षों में 12 जून से 25 जून के बीच में आ जाता है और इस वर्ष भी मानसून के आगमन की तिथि में कोई खास परिवर्तन नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष राज्य में 1043 मिमी. वर्षा हुई थी और इस वर्ष भी मानसून सामान्य रहने की संभावना है।

प्रमुख खबरें

Sawan Third Monday पर ग्रहों के राजा का राशि परिवर्तन, Lucky Zodiac Signs की बढ़ेगी Wealth और Reputation

Rajasthan Cabinet approves UCC Bill 2026: राजस्थान में बहुविवाह पर बैन और पंजीकरण अनिवार्य, कैबिनेट की मुहर

NCB Mumbai का Interstate Drug Network पर बड़ा एक्शन, Gujarat से Mumbai तक फैला था अवैध कारोबार

Dharamshala में Tibet Tattoo Protest: चीन के Ethnic Unity Law के खिलाफ तिब्बतियों का अनोखा और बड़ा संघर्ष