उत्तर व दक्षिण में सामान्य रह सकता है मॉनसून, मध्य भारत में सामान्य से अधिक रहने की संभावना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 01, 2021

नयी दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर और दक्षिण भारत में सामान्य,मध्य भारत में सामान्य से अधिक और पूर्व तथा पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम रहने का अनुमान है। दक्षिण पश्चिम मॉनसून 2021 के लिए अपना दूसरा दीर्घावधि पूर्वानुमान जारी करते हुए आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि देश में जून में मॉनसून सामान्य रहने का पूर्वानुमान है जो बुवाई का भी मौसम होता है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर इस साल पूरे देश में मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना है। कोरोना वायरस महामारी से बुरी तरह प्रभावित अर्थव्यवस्था के लिए यह एक अच्छी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून काफी हद तक कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों पर आधारित देश की अर्थव्यवस्था के लिए अहम है। 

इसे भी पढ़ें: PM मोदी की बैठक में बड़ा फैसला, रद्द हुई CBSE की 12वीं बोर्ड की परीक्षा

देश का बड़ा हिस्सा कृषि के अलावा जलाशयों को भरने के लिए चार महीने की बारिश के मौसम पर निर्भर है। महापात्र ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में कहा, ‘‘हम अच्छे मॉनसून की उम्मीद कर रहे हैं जिससे कृषि क्षेत्र को मदद मिलेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मात्रात्मक रूप से, देश में मॉनसून की बारिश के दीर्घावधि औसत (एलपीए) का 101 प्रतिशत रहने की संभावना है। जिसमें चार प्रतिशत कम या ज्यादा की आदर्श त्रुटि हो सकती है।’’ एलपीए के 96 से 104 प्रतिशत के दायरे मेंमॉनसून को सामान्य माना जाता है। वर्ष 1961-2010 अवधि के लिए पूरे देश में मॉनसून की बारिश का एलपीए 88 सेंटीमीटर है। आईएमडी ने दक्षिण पश्चिम मॉनसून 2021 के लिए पहले दीर्घावधि पूर्वानुमान में एलपीए की 98 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया था जो सामान्य श्रेणी में आता है। लेकिन अब उसने अपने पूर्वानुमान को एलपीए का 101 प्रतिशत कर दिया है जो सामान्य श्रेणी में उच्च स्तर की ओर है। 

प्रमुख खबरें

बार-बार चुनाव विकास में बाधा: Shivraj बोले, एक देश, एक चुनाव से बदलेगी तस्वीर!

PMFME Scheme को आगे बढ़ाएगा खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय, 2 लाख इकाइयों का लक्ष्य पूरा

Bethlehem Kudumba Unit Movie Review | निविन पॉली और ममिता बैजू की सहज केमिस्ट्री से सजी एक प्यारी, भावुक और हल्की-फुल्की रोमांटिक स्टोरी

अब तक Jammu में Party Meetings करती रही BJP ने पहली बार Muslim बहुल Kashmir में बैठक कर दिये बड़े सियासी संकेत