By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 08, 2024
हरारे। मोजाम्बिक के उत्तरी तट पर रविवार को एक अस्थायी नौका पलट जाने से उसमें सवार बच्चों समेत 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। स्थानीय ऑनलाइन प्रसारणकर्ता ‘टीवी डियारियो नामपुला’ की खबर के अनुसार, नाव में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे। उसने बताया कि नौका में 130 लोग सवार थे और डूबने वालों में कई बच्चे थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि नौका देश के उत्तर में स्थित नामपुला प्रांत के लुंगा से मोजाम्बिक द्वीप जा रही थी और तभी वह पलट गई। ऐसा बताया जा रहा है कि कई लोग अब भी लापता है। बचाव प्रयास सोमवार को भी जारी रहा।
मोजाम्बिक और उसके पड़ोसी दक्षिण अफ्रीकी देशों जिम्बाब्वे और मलावी हालिया महीनों में हैजा के प्रकोप से प्रभावित हुए हैं। मोजाम्बिक के कई स्थानों तक केवल नौकाओं के जरिए ही पहुंचा जा सकता है और इन नौकाओं में अकसर क्षमता से अधिक लोग सवार रहते हैं। देश में सड़क नेटवर्क खराब है और कुछ क्षेत्रों तक जमीन या हवाई मार्ग से पहुंचा नहीं जा सकता।