By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 30, 2020
मदर डेयरी फ्रूट एंड वेजिटेबल प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संग्राम चौधरी ने एकवीडियो कॉन्फ्रेंस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम अपने ब्रेड की पेशकश के साथ कन्फेक्शनरी और बेकरी सेगमेंट में विविधता ला रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारत में ब्रेड के बाजार का आकार मौजूदा समय में 5,300 करोड़ रुपये का है और पिछले पांच वर्षों से यह औसतन 10 प्रतिशत की औसत दर से बढ़ रहा है। सबसे ज्यादा खपत सफेद डबलरोटी की है। चौधरी ने कहा कि कंपनी ने बाजार में लगभग 20 नए उत्पादों को पेश किया है, जिसमें पाँच प्रकार की मिठाइयाँ शामिल हैं। कंपनी के वर्तमान कारोबार और भविष्य के दृष्टिकोण के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि मदर डेयरी का वर्तमान वार्षिक राजस्व लगभग 10,000-11,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा, ‘‘हम वर्ष 2025 तक 25,000 करोड़ रुपये कारोबार का लक्ष्य बना रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि इस साल कोविड -19 की वजह से विकास धीमा रह सकता है। उन्होंने कहा कि महामारी के कारण उपभोग पद्धति में बहुत बदलाव आया है, जिसमें लोग उत्पादों की होम डिलीवरी को प्राथमिकता देते हैं।