By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 30, 2026
मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में रविवार से शुरू हो रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में ‘मिशन-2028’ की रणनीति के साथ युवा पीढ़ी (जेन-जी) तक पहुंच बनाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, हाल के महीनों में दिल्ली और मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों में युवाओं के प्रदर्शनों को देखते हुए भाजपा ‘जेन-जी’ के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसके तहत युवाओं से संवाद स्थापित करने और उनकी प्राथमिकताओं को समझने की रणनीति तैयार की जाएगी।
पार्टी नेताओं के अनुसार, बैठक में विशेष रूप से युवाओं से जुड़ी योजनाओं और उनकी समस्याओं पर चर्चा होगी। नेताओं का मानना है कि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं की चिंताओं को समझना और उनके साथ बेहतर संवाद स्थापित करना जरूरी है। पार्टी नेताओं ने बताया कि दतिया विधानसभा सीट के हालिया उपचुनाव में भाजपा की हार के कारणों में युवाओं की नाराजगी को भी एक वजह माना गया था।
इसके अलावा उज्जैन में छात्रों के आंदोलन समेत राज्य के अन्य हिस्सों में शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर हुए प्रदर्शनों ने भी पार्टी का ध्यान आकर्षित किया है। ‘जेन-जी’ उस पीढ़ी को कहा जाता है, जिसका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है। यह वर्ग तकनीक, इंटरनेट और सोशल मीडिया के साथ बड़ा हुआ है।
भाजपा के आधिकारिक बयान के मुताबिक, बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा के अलावा ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा बूथ सशक्तीकरण पर भी चर्चा की जाएगी। पार्टी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक संगठन की आगामी दिशा और कार्ययोजना तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी।