मुख्तार अब्बास नकवी बोले, मुस्लिम समाज PM मोदी की नीतियों को दे रहा अपना समर्थन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 04, 2021

नयी दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को कांग्रेस पर धर्मनिरपेक्षता को ‘‘वोट हाइजैक करने की मशीन’’ के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ‘‘सबसे बड़ी धर्मनिरपेक्ष पार्टी’’ है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘धर्मनिरपेक्षता के प्रति हमारी संवैधानिक प्रतिबद्धता के नायक’’ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को अपना समर्थन दे रहा है और धीरे-धीरे भाजपा से जुड़ रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने असम और पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी की जीत की उम्मीद जताई तथा आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम में एआईयूडीएफ, पश्चिम बंगाल में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और केरल में आईयूएमएल से जो समझौता किया है, उससे स्पष्ट हो गया है कि धर्मनिरपेक्षता उसके लिए सिर्फ ‘‘वोट हाइजैक करने की मशीन’’ भर है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा है कि यह ‘कम्युनल बैग पर सेक्युलर टैग’ है। असम, केरल और पश्चिम बंगाल में जिन पार्टियों के साथ कांग्रेस ने समझौता किया है, उससे साफ है कि कांग्रेस और उसकी साथी पार्टियों के लिए धर्मनिरपेक्षता सिर्फ ‘वोट कैचिंग’ मशीन है और वोट ‘हाइजैक करने की मशीन’ है। अब ये बेनकाब हो चुके हैं। इसीलिए कांग्रेस अलग-थलग पड़ती जा रही है।’’ नकवी ने कहा, ‘‘हमारे लिए धर्मनिरपेक्षता समावेशी विकास की प्रतिबद्धता है। धर्मनिरपेक्षता भाजपा और नरेन्द्र मोदी सरकार के लिए संवैधानिक संकल्प भी है और मिशन भी है। कोई भी नहीं कह सकता कि मोदी सरकार ने किसी के साथ कोई भेदभाव किया है।’’ 

प्रमुख खबरें

UP में विकास और Infrastructure प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे हों, सीएम Yogi Adityanath के कड़े निर्देश

Delhi Police ने Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi पर दर्ज कीं 4 FIR

Elon Musk के अंबानी वाले सवाल पर बोले Rahul Gandhi, दूसरे व्यक्ति से मिलेंगे तो और पता चलेगा

विवाद में उलझा Arunachal Pradesh, Ranji Trophy के पहले मैच से बाहर होने का खतरा